समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के चुनाव क्षेत्र को लेकर काफी दिनों से अटकलें लगती रही हैं। मगर अब यह लगभग तय हो गया है कि अखिलेश यादव इस बार के लोकसभा चुनाव की जंग में नहीं उतरेंगे। कन्नौज लोकसभा सीट से इस बारे वे अपने भतीजे व पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव को चुनाव मैदान में उतार सकते हैं। तेज प्रताप बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव के दामाद भी हैं।
कन्नौज के सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अखिलेश यादव आज महत्वपूर्ण बैठक करने वाले हैं और माना जा रहा है कि इस बैठक के दौरान तेज प्रताप सिंह यादव के नाम पर मुहर लगाई जा सकती है। अभी तक अखिलेश यादव के कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की संभावना जताई जाती रही है मगर सपा मुखिया आज इस संबंध में बड़ा फैसला ले सकते हैं।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आज कन्नौज में पार्टी की बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के सभी जिम्मेदार नेताओं को बुलाया गया है। सपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस बैठक के दौरान कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी का नाम तय किया जाएगा। कई लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद अखिलेश यादव अब सतर्क हो गए हैं। इस कारण वे कन्नौज के पार्टी नेताओं को विश्वास में लेकर ही उम्मीदवार का फैसला करना चाहते हैं।
सपा सूत्रों का कहना है कि अखिलेश यादव इस बार खुद लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते और उन्होंने इस संबंध में अपने करीबी नेताओं को संकेत भी दे दिया है। हालांकि कन्नौज के सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से अखिलेश से ही चुनाव लड़ने का अनुरोध किया गया है।
माना जा रहा है कि आज की बैठक के दौरान अखिलेश यादव अपने भतीजे और पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव के नाम पर पार्टी नेताओं में सहमति बनाने की कोशिश करेंगे और इसके बाद तेज प्रताप की उम्मीदवारी का ऐलान किया जा सकता है।
इन दो क्षेत्रों से लगाई जा रही थी अटकलें
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पहले आजमगढ़ या कन्नौज से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं। आजमगढ़ से अखिलेश ने अपने भाई धर्मेंद्र यादव को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान कर दिया है। धर्मेंद्र यादव को पहले बदायूं से टिकट दिया गया था मगर बाद में सपा मुखिया ने अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव को बदायूं से उतार कर धर्मेंद्र यादव को आजमगढ़ से टिकट दे दिया है।
-एजेंसी
- जाम के झाम से परेशान आगरा का रावतपाड़ा बाजार, रेंग रेंग कर आंगे बढ़ रहे पैदल राहगीर - October 31, 2026
- संजय प्लेस में पार्किंग बनी ‘ओपन बार’ की खबर का बड़ा असर: एक्शन में आई आगरा पुलिस, शराबियों पर सख्ती से व्यापारियों में खुशी - October 31, 2026
- ताजनगरी में ‘अमृतम् परिवार’ का भव्य दीपावली उत्सव: गरबा-डांडिया की धुनों पर थिरके कदम, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान - October 31, 2026