‘2027 में सीएम का चेहरा कमल का फूल’: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान, सियासी गलियारों में हलचल

POLITICS

लखनऊ/जालौन। उत्तर प्रदेश में बीते 10 वर्षों से योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हैं। इस बीच, 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछने के साथ ही राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर नया सियासी मोड़ आ गया है। जालौन दौरे के दौरान जब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से सवाल किया गया कि आगामी चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि “2027 के चुनाव में सीएम का चेहरा केवल ‘कमल का फूल’ (पार्टी का चुनाव चिह्न) होगा”।

गौरतलब है कि भाजपा की स्थापित परंपरा के अनुसार, चुनावी मंचों से प्रायः किसी व्यक्ति विशेष के बजाय पार्टी के निशान और केंद्रीय नेतृत्व के नाम पर चुनाव लड़ा जाता है, जबकि मुख्यमंत्री का अंतिम चयन चुनाव बाद पार्टी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड करता है।

​’सपा-कांग्रेस की खिचड़ी नहीं पकने वाली, जनता फिर नकारेगी’

सपा और कांग्रेस के बीच चल रहे सीट शेयरिंग के मंथन पर हमला बोलते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की खिचड़ी पकना दोनों के नसीब में नहीं है। उन्होंने सपा पर सीधा तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने पूर्व में सपा की गुंडागर्दी वाली सरकार को चार बार देखा है। जनता 2027 के चुनाव में भी सपा को सिरे से नकार देगी और प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। अपराधियों, माफियाओं और दंगाइयों को संरक्षण देने वाली सरकार कोई नहीं चाहता, इसलिए गुंडागर्दी करने वाली सपा को एक बार फिर मात खानी पड़ेगी।

चुनाव लड़ने और महिला प्रोत्साहन राशि पर दिया जवाब

​स्वयं के चुनाव लड़ने से जुड़े प्रश्न पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हुंकार भरते हुए कहा कि वे प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में से किसी भी सीट से चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वहीं, दिसंबर में महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि देने से जुड़ी चर्चाओं और बीजेपी की नीतियों पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और स्वावलंबन के लिए भाजपा सरकार हमेशा सबसे आगे रही है।

विपक्ष ने साधा निशाना: अतुल लोंढे पाटिल का पलटवार

केशव प्रसाद मौर्य के ‘सीएम फेस’ वाले बयान के बाद विपक्षी खेमे में भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता और महासचिव अतुल लोंढे पाटिल ने केशव प्रसाद मौर्य पर कटाक्ष करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि श्री मौर्य के बयान ने स्पष्ट कर दिया है कि उन्होंने अजय सिंह बिष्ट (योगी आदित्यनाथ) को मुख्यमंत्री का चेहरा मानने से इनकार कर दिया है। केशव मौर्य के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर बहस और गरमा गई है।

Dr. Bhanu Pratap Singh