2027 चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका: बागी विधायक अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह और विनोद चतुर्वेदी भाजपा में शामिल

POLITICS

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) को एक के बाद एक बड़े झटके लगने शुरू हो गए हैं। राजनीतिक गलियारों में उस समय हलचल तेज हो गई जब समाजवादी पार्टी के तीन प्रमुख बागी विधायकों—अमेठी के गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह, अयोध्या के गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह, और जालौन की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी ने आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। इन तीनों नेताओं ने कुछ समय पूर्व हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से हटकर सपा के खिलाफ क्रॉस वोटिंग की थी, जिसके बाद से ही उनके पाला बदलने की अटकलें लगाई जा रही थीं। बुधवार को सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में इन नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

​जनता के सुझाव और समर्थन पर लिया गया निर्णय: राकेश प्रताप सिंह

पार्टी ज्वाइन करने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए गौरीगंज से बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह ने अपने इस फैसले के पीछे निर्वाचन क्षेत्र की जनता की इच्छा का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र के लोगों ने ही उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया और अपना पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने अपने समर्थकों को धन्यवाद देते हुए कहा, “मैं अपने क्षेत्र के लोगों को बधाई देता हूं जिन्होंने मुझे सही मार्गदर्शन दिया। आज जमीनी स्तर पर पार्टी से जुड़े बूथ स्तर के 98 प्रतिशत कार्यकर्ता भी समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।” अपने राजनीतिक विरोधियों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनके पास विरोधियों के लिए कोई खास संदेश नहीं है, बस ईश्वर उन पर भी अपनी कृपा बनाए रखे।

“यह तो बस शुरुआत है, आगे और भी नेता बदलेंगे पाला”: मंत्री जयवीर सिंह

​इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने इसे एक बड़े फेरबदल की महज शुरुआत बताया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह प्रक्रिया अभी आगे और भी तेजी से आगे बढ़ेगी। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अभी से इतने परेशान क्यों हो रहे हैं, क्योंकि अभी तो पिक्चर की शुरुआत भर हुई है।

​पीएम मोदी और सीएम योगी की नीतियों से प्रभावित हैं: विनोद चतुर्वेदी

कालपी से बागी विधायक रहे विनोद चतुर्वेदी ने भाजपा में शामिल होने की वजह बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे उत्तर प्रदेश, विशेषकर बुंदेलखंड क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि हमें इस फैसले से खुशी नहीं होती तो हम कभी भाजपा में शामिल नहीं होते। सरकार की जनहितकारी योजनाएं बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने विकास की इस मुख्यधारा के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh