आगरा। लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर होटल ताज व्यू, फतेहाबाद रोड, आगरा में आयोजित तृतीय जनरल मीटिंग में शिक्षक सम्मान समारोह एवं काव्य पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब से जुड़े शिक्षण क्षेत्र के सदस्यों को उनके शिक्षा एवं समाज निर्माण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए क्लब अध्यक्ष सीए राकेश अग्रवाल ने अपने उद्घाटन संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व एवं चरित्र का निर्माण करने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में माँ सबसे पहली और सबसे महत्वपूर्ण शिक्षिका होती हैं। माँ ही बच्चे को बोलना, चलना, संस्कार, अनुशासन तथा जीवन के मूल्यों का पहला पाठ पढ़ाती हैं। विद्यालय के शिक्षक उस नींव को मजबूत करते हुए बच्चे को ज्ञान, विवेक और जीवन की सही दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि एक शिक्षक की कही हुई छोटी-सी बात भी विद्यार्थी के जीवन की दिशा बदल सकती है। शिक्षक वास्तव में केवल विद्यार्थियों का भविष्य नहीं बनाते, बल्कि राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि लायंस क्लब का मूल मंत्र “वी सर्व” (We Serve) है और शिक्षा के क्षेत्र में सेवा करना समाज एवं राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करने के समान है।
इन शिक्षकों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर क्लब द्वारा शिक्षण क्षेत्र में सक्रिय एवं समर्पित सदस्यों का सम्मान किया गया। सम्मानित शिक्षकों में—
डॉ. आशा गोयल, अर्चना गुप्ता, कैप्टन विवेक सी. गुप्ता, कविता अग्रवाल एवं डॉ. कामना धवन शामिल रहे।
काव्य पाठ ने बांधा समां
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण क्लब सदस्यों द्वारा प्रस्तुत काव्य पाठ रहा। इसमें मंजू अग्रवाल, डॉ. अनुज गुप्ता, मीना अग्रवाल, अर्चना गुप्ता, डॉ. कामना धवन, गुरमीत कालरा, राजेंद्र अग्रवाल एवं सीए राकेश अग्रवाल ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को साहित्यिक एवं भावपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन सोनिया अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर सचिव मनीष बंसल, कोषाध्यक्ष सोम मित्तल, अर्चना अग्रवाल, उमा अग्रवाल, जोन चेयरपर्सन सुनील गुप्ता, संजीव अग्रवाल, सुनील बंसल आदि उपस्थित रहे।
- आगरा में भव्यता के साथ नगर भ्रमण को निकला भगवान श्रीकृष्ण का डोला, सांसद नवीन जैन ने किया शुभारंभ, गूंजे ‘जय कन्हैया लाल के’ जयकारे - September 5, 2026
- नंद घर आनंद भयो… दधि-कांदो के उल्लास में झूमे वैष्णवजन, आगरा के प्रेमनिधि मंदिर में मनाया नंदोत्सव - September 5, 2026
- आगरा में श्री खाटू श्याम जी मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नंदोत्सव: बच्चों को बांटे गए खिलौने, गूंजे ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे - September 5, 2026