लड्डू गोपाल झूले में झूले, नंदोत्सव की खुशियों में झूमा श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार: फतेहाबाद रोड पर सजी ब्रज की संस्कृति की अद्भुत छटा

PRESS RELEASE

आगरा। श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर फतेहाबाद रोड स्थित त्रिवेणी ग्रीन परिसर में भव्य एवं भक्तिमय नंदोत्सव का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित नंदोत्सव में कान्हा के जन्म की खुशियां उल्लास और उमंग के साथ मनाई गईं। पूरा परिसर “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ संरक्षक महंत कपिल नागर, संस्थापक नितेश अग्रवाल, मयंक अग्रवाल एवं अध्यक्ष अजय सिंघल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सभी ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ लड्डू गोपाल को झूला झुलाकर नंदोत्सव का शुभारंभ किया। जैसे ही ठाकुरजी झूले में विराजमान हुए, उपस्थित श्रद्धालु कान्हा के जन्मोत्सव की खुशी में झूम उठे।

नंदोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जन्म से जुड़े प्रसंगों की मनोहारी झांकियां प्रस्तुत की गईं। माखन-मिश्री की आकर्षक झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं वासुदेव जी द्वारा नवजात कान्हा को लेकर यमुना पार करने और उन्हें गोकुल में माता यशोदा के पास पहुंचाने की झांकी का सजीव एवं भावपूर्ण दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस मनोहारी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मानो द्वापर युग की उस दिव्य बेला का साक्षात अनुभव करा दिया।

नंदोत्सव में मोहन सैनी ने नंद बाबा और अंकित सैनी ने यशोदा मैया का स्वरूप धारण कर कान्हा के जन्म की खुशियां मनाईं। नंद बाबा और यशोदा मैया के रूप में उन्होंने ब्रजवासियों के बीच बधाइयां लुटाईं तथा उपहार वितरित किए। इस दौरान पूरा वातावरण ब्रज की संस्कृति, प्रेम और उल्लास से सराबोर हो गया।

बरसाना से विशेष रूप से पधारी श्री शरण की मंडली ने कृष्ण और राधा नाम की मधुर धुनों एवं सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर नंदोत्सव को और अधिक भक्तिमय बना दिया। राधा-कृष्ण के नाम के संकीर्तन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। भजनों और जयकारों के बीच वातावरण ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो ब्रजभूमि का आनंदमय स्वरूप फतेहाबाद रोड पर साकार हो उठा हो।

श्री गिरिराज जी सेवा मंडल के संस्थापक नितेश अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, भक्ति, धर्म और मानवता की विजय का संदेश है। नंदोत्सव ब्रज संस्कृति की उस पावन परंपरा का प्रतीक है, जिसमें कान्हा के जन्म की खुशी को सभी के साथ बांटकर जीवन में प्रेम और आनंद का संचार किया जाता है।

उन्होंने कहा कि श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार हर वर्ष इसी भक्तिभाव के साथ नंदोत्सव का आयोजन करता है और हमारा प्रयास रहता है कि नई पीढ़ी भी ब्रज की महान संस्कृति, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और सनातन परंपराओं से जुड़ सके।

इस अवसर पर वीरेंद्र सिंघल, रविंदर गोयल, विशाल बंसल, विजय अग्रवाल, चंद्रमोहन बंसल, अंकुर अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल, कुलभूषण गुप्ता (राम भाई), सतीश अग्रवाल, दिलीप बंसल, जितेंद्र शर्मा, सुमित सिंघल, लक्ष्मण सिंघल, मनोज गुप्ता, नरेंद्र गर्ग, नितिन अग्रवाल, मयंक जैन, गिरीश अग्रवाल, विकास वर्मा, अमित पाराशर, विकल गर्ग, विकास जैन, संजय जैन आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh