बुलंदशहर। जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शिकारपुर बाईपास रोड स्थित ओल्ड आरटीओ ऑफिस के पास रहने वाली कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि पूर्व विधायक ने उनके घर में जबरन घुसकर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और भारी अभद्रता की। इस घटना के संबंध में पीड़िता ने स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने तथा अपने परिवार के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता अर्चना पांडा के अनुसार, वह अपने बेटे के साथ घर के भीतर थीं। आरोप है कि पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित उनके निवास स्थान पर पहुंचे और जोर-जोर से दरवाजा खटखटाते हुए चिल्लाने लगे। पीड़िता जब दरवाजा खोलने गई, तो आरोपी ने उन्हें जबरन धक्का देकर फर्श पर गिरा दिया और अश्लील व अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया।
शिकायत में कहा गया है कि फर्श पर गिरने के बाद आरोपी ने महिला के बाल खींचे और उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। महिला की चीख-पुकार सुनकर घर का नौकर मौके पर पहुंचा और उसने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
वीडियो बनता देख आरोपी मारपीट रोककर पीछे हटा, जिसके बाद पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर सड़क की ओर भागी और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता।
कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने पुलिस प्रशासन को अवगत कराया है कि पूर्व विधायक और उनका परिवार उन्हें तथा उनके बच्चे को लगातार धमकियां दे रहा है। अदालत में आरोपी के खिलाफ पहले से भी कुछ मामले लंबित हैं। पीड़िता ने स्पष्ट किया है कि वह कोर्ट में चल रहे किसी भी केस को वापस नहीं लेंगी। उन्होंने अपनी और अपने मासूम बच्चे की जान का खतरा बताते हुए चौबीसों घंटे महिला पुलिस सुरक्षा तैनात करने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को शिकायती पत्र मिल चुका है और पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- आगरा के ओल्ड ईदगाह जैन मंदिर में गूंजे जिन सहस्रनाम के मंत्र, पांच दिवसीय महामंडल विधान के दूसरे दिन उमड़ा श्रद्धा का सैलाब - October 17, 2026
- आगरा के यमुनापार में एत्मादुद्दौला से रामबाग तक रोज लग रहा भीषण जाम, राहगीर बेहाल; डीएम ऑफिस घेराव की चेतावनी - October 17, 2026
- एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की नवीन ‘हॉलो-एंट्री’ तकनीक पर कार्यशाला, अमेरिकी विशेषज्ञ ने साझा किए अनुभव - October 17, 2026