लखनऊ: लगभग नौ वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आखिरकार बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के महत्वाकांक्षी ड्रीम प्रोजेक्ट ‘जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर’ (JPNIC) के दरवाजे आखिरकार खोल दिए गए। उत्तर प्रदेश की योगी कैबिनेट ने हाल ही में इस हाई-प्रोफाइल सेंटर को निजी हाथों यानी प्राइवेट कंपनियों को लीज पर देने के प्रस्ताव पर अपनी मोहर लगाई थी, जिसके तुरंत बाद इसे खोला गया। हालांकि, इस सेंटर के खुलते ही इसके भीतर की जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए, उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्षों से बंद पड़े इस भव्य भवन की बदहाली और बदइंतजामी को देखकर खुद सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी अपना गुस्सा रोक नहीं पाए और उन्होंने सरकार पर जोरदार हमला बोला है।
सपा सांसद अखिलेश यादव ने गुरुवार को एक्स पोस्ट पर JPNIC के खोले जाने के बाद उसके अंदर का एक वीडियो शेयर किया। जिसमें सेंटर के कई हिस्सों में काई जमी हुई नजर आ रही है और धातु से बनें पिलर व अन्य हिस्से जंग खाये हुए दिख रहे हैं। इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने लिखा, ‘भाजपाइयों की ठहरी हुई सोच पर सिर्फ़ काई जमती है या मुर्चा-ज़ंग लगती है।’
अखिलेश ने आगे लिखा, ‘एक तरफ़ आज़ादी के आंदोलन में शहीदों के ख़िलाफ़ उपनिवेशवादियों के लिए मुख़बिरी करनेवाले धोखाजीवी संगी-साथियों का भूमिगत काला इतिहास हमेशा ‘स्वतंत्रता सेनानियों’ का विरोधी रहा है; तो दूसरी तरफ़ दक़ियानूसी भाजपाइयों का पुरातनपंथी तंग नज़रिया ‘आधुनिकता और प्रगति’ का विरोधी है।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा और उनके संगी-साथियों को न इतिहास की पीढ़ियाँ माफ़ करेंगी न भविष्य की, और वर्तमान की पीढ़ियों के गुनाहगार वो हैं ही। भाजपा ख़त्म!’ इस प्रकरण के सामने आने के बाद से राज्य की राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर से जुबानी जंग तेज हो गई है।
- आगरा में साइबर ठगी का अनोखा मामला: महज 12 रुपये का बकाया बिल चुकाने का झांसा देकर ठगों ने खाते से उड़ाए 28.19 लाख रुपये - September 23, 2026
- आगरा नगर निगम में सियासी संग्राम: शौचालय निर्माण का प्रस्ताव अटकाने से नाराज भाजपा पार्षद सुनील करमचंदानी ने नगर आयुक्त के चैंबर में दिया धरना - September 23, 2026
- आगरा में स्ट्रैची ब्रिज के पास दर्दनाक हादसा: गहरे गड्ढे में पैर फंसने से यमुना में डूबा शख्स, एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव - September 23, 2026