आगरा: ताज ट्रिपेजियम जोन (TTZ) क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और संतुलित औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में सोमवार को ताज ट्रैपेजियम जोन प्रदूषण प्राधिकरण की 69वीं बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में आगरा और मथुरा जनपदों की कुल 10 औद्योगिक इकाइयों को स्थापना अथवा विस्तार के लिए सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया। स्वीकृत प्रस्तावों में जनपद आगरा की 7 और मथुरा की 3 औद्योगिक इकाइयां शामिल हैं।
प्रशासन का मानना है कि इन अनुमोदनों से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे नए निवेश की संभावनाएं बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
प्रदूषण के अन्य स्रोतों पर भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
बैठक के दौरान केवल औद्योगिक विकास के प्रस्तावों पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि टीटीजेड क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण, ठोस कचरा प्रबंधन, परिवेशीय वायु गुणवत्ता और एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों की स्थापना जैसे गंभीर विषयों की भी गहन समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए केवल औद्योगिक इकाइयों को ही जिम्मेदार मानकर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उद्योगों के अतिरिक्त जिन अन्य कारणों और स्रोतों से वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, उनकी सख्त पहचान की जाए और उनकी रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इसके साथ ही, नगर निगम, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों द्वारा संचालित ठोस कचरा प्रबंधन कार्यों की समीक्षा करते हुए कचरे के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण पर विशेष जोर देने को कहा गया।
हाथरस में एक महीने के भीतर स्थापित होगा एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन
क्षेत्र में वायु गुणवत्ता की निगरानी प्रणाली (Air Quality Monitoring System) को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बैठक में एक अहम निर्णय लिया गया। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि हाथरस जनपद में आगामी एक महीने के भीतर एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन की स्थापना हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इससे टीटीजेड क्षेत्र में प्रदूषण के स्तर की सटीक और नियमित निगरानी करने में बड़ी मदद मिलेगी।
लंबित कार्यों के समयबद्ध अनुपालन पर जोर
बैठक के आरंभ में पिछली बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि करते हुए पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने पाया कि कुछ मामलों में अभी तक अनुपालन आख्या प्रस्तुत नहीं की गई है, जिस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को बिना किसी देरी के लंबित आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठकों में लिए गए निर्णयों का धरातल पर समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होना चाहिए।
शीर्ष विशेषज्ञ और अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में सेंट्रल इम्पावर्ड कमेटी के सदस्य अंजन कुमार मोहन्ती तथा नीरी (NEERI) दिल्ली के मुख्य वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एस.के. गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी आगरा मनीष कुमार बंसल, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, वन संरक्षक आगरा अनिल कुमार पटेल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विश्वनाथ शर्मा, आगरा व फिरोजाबाद के नगर आयुक्त, विभिन्न जनपदों के प्रभागीय ववनाधिकारी (DFO), उपायुक्त उद्योग तथा टीटीजेड सदस्य उमेश शर्मा व विजय गुप्ता सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
- “परिवार मेरा तेरे हवाले खाटू वाले…”: कमला नगर में श्री श्याम प्रभु मित्र मंडल के 16वें वार्षिक संकीर्तन महोत्सव की धूम; रजनी राजस्थानी और आयुष सोमानी के भजनों पर झूमे श्याम प्रेमी - November 16, 2026
- आगरा में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने की मंगलकामना - November 16, 2026
- टीटीजेड प्राधिकरण की 69वीं बैठक में बड़ा फैसला, आगरा की 7 और मथुरा की 3 औद्योगिक इकाइयों को मिली स्थापना की मंजूरी - November 16, 2026