आगरा में लायंस क्लब आकाश का भव्य सावन महोत्सव: राधा-कृष्ण को झूला झुलाकर और पूर्व अध्यक्षों के सम्मान के साथ मनाया गया हरियाली तीज उत्सव

PRESS RELEASE

आगरा। सावन की हरियाली, मल्हारों की मधुर स्वर लहरियों और हरियाली तीज के पारंपरिक उल्लास के बीच लायंस क्लब आकाश द्वारा होटल होलीडे इन, हरी पर्वत में भव्य सावन महोत्सव एवं हरियाली तीज उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जहां एक ओर राधा-कृष्ण के स्वरूपों को झूला झुलाकर सावन उत्सव की मंगलमयी शुरुआत की गई, वहीं दूसरी ओर महिलाओं ने सावन के गीतों, मनोरंजक खेलों और तीज की उमंग के साथ उत्सव को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राधा-कृष्ण के स्वरूपों को विधिवत झूला झुलाकर किया गया। इसके पश्चात सावन की मस्ती और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण में सभी उपस्थित सदस्यों ने उत्सव का आनंद लिया।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष मुकेश गोयल, सचिव संजय अग्रवाल, पोशाक अध्यक्ष नितिन अग्रवाल एवं क्लब कोऑर्डिनेटर मनोज गुप्ता ने क्लब के पूर्व अध्यक्षों को उनके सदैव मार्गदर्शन तथा लायंस क्लब आकाश के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, मनोज गुप्ता, सुनील शर्मा, संजीव गुप्ता, मनोज गुप्ता नागजी, संजय गर्ग, संजय गुप्ता, अनिल वार्ष्णेय, विनोद मित्तल एवं विकास बंसल प्रमुख रूप से शामिल रहे।

क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ सदस्यों का अनुभव और मार्गदर्शन ही संस्था की निरंतर प्रगति एवं सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करता है।

सम्मान समारोह के बाद सावन की मल्हारों का सिलसिला शुरू हुआ। मधुर सावनी गीतों ने पूरे वातावरण को हरियाली और उमंग के रंग में रंग दिया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक गीतों का आनंद लिया और पारंपरिक हरियाली तीज उत्सव की खुशियों को साझा किया।

हरियाली तीज पर आधारित विभिन्न रोचक गेम्स एवं मनोरंजन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुजाता अग्रवाल, अनुराधा गुप्ता, संगीता गुप्ता, सुधा गुप्ता, योगिता अग्रवाल, हंसा वार्ष्णेय आदि उपस्थित रहीं।

Dr. Bhanu Pratap Singh