लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सोमवार, 26 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती के मौके पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में आदेश जारी हो गया है। मुख्यमंत्री सोमवार को बिठूर पहुंचेंगे, जहां वाल्मीकि आश्रम में रामायण पाठ और पूजा में शामिल होंगे और महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे। मान्यता है कि इसी आश्रम में महाकाव्य रामायण की रचना हुई थी और माता सीता को आश्रय मिला था। यहीं भगवान श्रीराम के पुत्रों लव-कुश का जन्म भी हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को 411 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। वह विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे।
रामायण सर्किट और राम वन-गमन पथ पर तेज हो रहा काम
प्रदेश में धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ उनसे जुड़े पौराणिक स्थलों को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘रामायण सर्किट’ और ‘राम वन-गमन पथ’ के तहत अयोध्या, चित्रकूट और इटावा आदि में विकास कार्यों को रफ्तार दी जा रही है। पर्यटन विभाग का जोर महर्षि वाल्मीकि से जुड़े धार्मिक स्थलों के कायाकल्प और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं जुटाने पर है। योगी सरकार कई परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर ‘आदिकवि’ महर्षि वाल्मीकि की विरासत सहेजने के साथ सांस्कृतिक पर्यटन का दायरा भी बढ़ा रही है। सरकार 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती का आयोजन भी करेगी।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दी जानकारी
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में रामायण से जुड़े अनेक धार्मिक स्थल हैं। प्रदेश सरकार ‘रामायण सर्किट’ और ‘राम वन गमन पथ’ के जरिए इन स्थलों के संरक्षण, विकास और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महर्षि वाल्मीकि से जुड़े धार्मिक स्थलों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने चित्रकूट को इसका जीता-जागता उदाहरण बताया। वाल्मीकि समुदाय उनकी जयंती को ‘प्रकट दिवस’ के रूप में मनाता है।
- 139वां माथुर वैश्य जयंती महोत्सव: फ्रीगंज से निकली भव्य शोभायात्रा में उमड़े हजारों समाजबंधु, सजी करीब 40 आकर्षक झांकियां - October 25, 2026
- आगरा के पार्वती घाट पर श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति का चुनरी मनोरथ: यमुना मैया की आराधना के साथ श्रद्धालुओं ने लिया स्वच्छता का संकल्प - October 25, 2026
- श्री वार्ष्णेय सभा के वार्षिकोत्सव-2026 का रंगारंग आयोजन: अक्रूर वाटिका में खेलकूद, सामान्य ज्ञान और महिला प्रतियोगिताओं की धूम - October 25, 2026