राहुल गांधी ने शेयर की एलीफेंटा गुफा की अर्धनारीश्वर प्रतिमा: भाजपा और आरएसएस पर साधा निशाना, बोले—’असभ्य, लालची और पुरुष-प्रधान सोच वाले लोग’

NATIONAL

​नई दिल्ली। महाराष्ट्र स्थित विश्वप्रसिद्ध एलीफेंटा की मुख्य गुफा में स्थापित ‘अर्धनारीश्वर’ प्रतिमा—जो भगवान शिव और भगवती पार्वती के एकाकार स्वरूप को अभिव्यक्त करती है की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर करारा प्रहार किया है।

राहुल गांधी ने लिखा कि वे भारतीय आध्यात्मिक और सनातन परंपराओं के अध्ययन में जितनी गहराई तक उतरते हैं, परिस्थितियां और सत्य उनके सामने उतने ही स्पष्ट होते जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ असभ्य, स्वार्थी, जातिवादी व पुरुष-प्रधान मानसिकता से ग्रसित संगठन हैं, जिन्हें देश की महान आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का तनिक भी बोध नहीं है।

​राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में अंग्रेजी में लिखा, “The deeper I go into Indian spiritual and religious traditions, the clearer it becomes. The BJP and RSS are uncouth, greedy, casteist male chauvinists with absolutely no understanding of our spiritual and religious traditions.” (मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं में जितना गहराई से उतरता हूं, यह बात उतनी ही साफ होती जाती है। भाजपा और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष-प्रधान सोच वाले लोग हैं, जिन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की रत्ती भर भी समझ नहीं है।)

​नेता प्रतिपक्ष के इस वक्तव्य और एलीफेंटा गुफा की अर्धनारीश्वर प्रतिमा की तस्वीर के साथ किए गए कटाक्ष के बाद देश का सियासी तापमान एक बार फिर बढ़ गया है।

कांग्रेस और विपक्ष जहां इसे भारतीय दर्शन में स्त्री-पुरुष की समानता का प्रतीक मानकर संघ की विचारधारा पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं भाजपा की ओर से भी इस तीखे हमले का जवाब आने की संभावना जताई जा रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh