मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे देखकर फिल्मी दृश्यों की याद ताजा हो जाए। यहां एक पत्नी ने अपने पति को उसकी कथित गर्लफ्रेंड के साथ मोमोज खाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि पति अपनी पत्नी को कार के बोनट पर लादकर करीब 100 मीटर तक तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाता रहा। पीड़ित पत्नी रास्ते भर ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाती रही, लेकिन बेरहम पति ने कार नहीं रोकी। इस पूरी घटना का किसी ने अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शास्त्री नगर में हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा
यह पूरा मामला मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के काशीराम कॉलोनी और शास्त्री नगर इलाके का है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मयंक और सुनीता पति-पत्नी हैं। शनिवार शाम को मयंक अपनी कथित महिला मित्र (गर्लफ्रेंड) के साथ शास्त्री नगर की एल ब्लॉक चौकी के पास खड़े होकर मोमोज खा रहा था। इत्तेफाक से वहां पत्नी सुनीता आ पहुंची और उसने दोनों को एक साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।
पति को किसी अन्य महिला के साथ देखकर सुनीता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वह भड़क उठी। उसने तुरंत कार के शीशे पीटने शुरू कर दिए। खुद को घिरता देख मयंक ने हड़बड़ी में कार को अंदर से लॉक किया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा। जब सुनीता ने कार रोकने के लिए उसके बोनट पर छलांग लगाई और लेट गईं, तो भी मयंक का दिल नहीं पसीजा। उसने बोनट पर महिला के होने के बावजूद कार तेजी से आगे बढ़ा दी।
स्थानीय लोगों को देख रोकी कार, पुलिस ने शुरू की जांच
चलती कार के बोनट पर महिला को लटके देख सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। सुनीता लगातार अपनी जान बचाने के लिए ‘बचाओ-बचाओ’ की गुहार लगाती रही, लेकिन मयंक लगातार कार भगाता रहा। हालांकि, कुछ दूरी पर स्थानीय लोगों की भीड़ को इकट्ठा होता देख मयंक को आखिरकार अपनी कार रोकनी पड़ी। कार रुकने के बाद गुस्से में तमतमाई सुनीता ने पति और उसकी दोस्त के साथ मौके पर मारपीट करने की भी कोशिश की।
इस मामले में पीड़ित पत्नी सुनीता ने स्थानीय थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है। इस पूरे प्रकरण पर एसपी सिटी विनायक भोसले ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला सुनीता की तरफ से पति पर मारपीट, दहेज उत्पीड़न और अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध रखने के गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। घटना का वीडियो भी पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। पुलिस वीडियो और आरोपों की गहनता से जांच कर रही है, जिसके आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
- ‘थप्पड़ कांड’ पर अखिलेश यादव का बड़ा एक्शन: गोरखपुर सपा की जिला और महानगर इकाई को तत्काल प्रभाव से किया भंग, दोनों कार्यकारिणी बर्खास्त - October 4, 2026
- पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने की यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ की तारीफ, मगर राहुल गांधी को लेकर कह दी बड़ी बात - October 4, 2026
- रियल किडनैपिंग से बड़े पर्दे तक पहुंची ‘Dear Husband’, आगरा में टीम ने साझा किया फिल्म का सफर - October 4, 2026