मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के भौराकलां थाना क्षेत्र स्थित एक शिव मंदिर परिसर में 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने इस हत्या के आरोप में गांव के ही रहने वाले हाशिम और उसके बेटे जीशान को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी परिवार में बेटा होने की भविष्यवाणी गलत साबित होने और बेटी पैदा होने से उपजे विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
भविष्यवाणी गलत साबित होने पर हुआ था विवाद
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले जीशान की पत्नी के यहां बच्चे का जन्म होना था। इस दौरान पुजारी स्वामी देवानंद भारती ने भविष्यवाणी की थी कि घर में बेटा पैदा होगा। हालांकि, जब भविष्यवाणी के विपरीत बेटी का जन्म हुआ, तो हाशिम और जीशान की पुजारी से कहासुनी और रंजिश हो गई। इसी बात से नाराज होकर पिता-पुत्र ने पुजारी की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली और 13 अक्टूबर को उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
पड़ोसी हरेंद्र को फंसाने की रची गई थी साजिश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने और एक स्थानीय शख्स को फंसाने का भी षड्यंत्र रचा था। पुलिस के मुताबिक, हाशिम और जीशान का गांव के ही हरेंद्र नाम के व्यक्ति से पुराना विवाद था। आरोपियों ने योजना के तहत पड़ोसी देवेंद्र के फोन से हरेंद्र की फोटो निकाली और उसे हत्या स्थल के पास फेंक दिया, ताकि पुलिस का शक हरेंद्र पर जाए और वे कानून की गिरफ्त से बच सकें।
तकनीकी सर्विलांस और ‘यक्ष ऐप’ से खुला राज
इस हाई-प्रोफाइल और सनसनीखेज मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों ने कई टीमों का गठन किया था। तकनीकी सर्विलांस और ‘यक्ष ऐप’ से मिले महत्वपूर्ण इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने जब कड़ियों को जोड़ा, तो साजिश बेनकाब हो गई।
एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई एक बाइक, दो तमंचे और कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
- नवरात्रि में कथित चिकन पार्टी पर यूपी की सियासत गरमाई: सपा सांसद रामजीलाल सुमन के वायरल वीडियो पर बीजेपी और सपा आमने-सामने - October 17, 2026
- आगरा के रकाबगंज में पुलिस दबिश के दौरान तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, परिजनों ने लगाया धक्का देने का आरोप; शव सड़क पर रखकर लगाया जाम - October 17, 2026
- आगरा के कालिंदी विहार में तेज रफ्तार डीसीएम का कहर: सड़क किनारे पैदल जा रही चार युवतियों को रौंदा, एक की दर्दनाक मौत - October 17, 2026