प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट के बीच बड़ा बयान देते हुए कहा कि चुनाव का आगाज हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बेदखल करने के लिए गठबंधन के स्वरूप, नेतृत्व और सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष आपसी सहमति से अंतिम निर्णय लेंगे।
शिवपाल ने स्पष्ट किया कि गठबंधन में जारी अंदरूनी चर्चा या बैठकों का आगामी चुनावी नतीजों पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा। बुधवार को प्रतापगढ़ पहुंचे शिवपाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि विपक्षी गठबंधन बड़े अंतर से प्रचंड जीत दर्ज करेगा, क्योंकि भाजपा अब काफी कमजोर हो चुकी है।
“हर वर्ग भाजपा से परेशान, बजट का हो रहा बंदरबांट”
प्रदेश सरकार की नीतियों पर प्रहार करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा शासनकाल में समाज का हर वर्ग त्रस्त और नाराज है। नौजवान, किसान, गरीब, मजदूर और छोटे-बड़े व्यापारी सभी गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित की योजनाओं और प्रदेश के बुनियादी विकास पर खर्च होने वाले सरकारी बजट की बंदरबांट की जा रही है और आम जनता को मिलने वाली सुविधाएं ठप हैं।
बाबा बागेश्वर और कथावाचकों पर शिवपाल की चुटकी
बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाबा बागेश्वर) का समाजवादी पार्टी द्वारा विरोध किए जाने से जुड़े सवाल पर शिवपाल ने स्पष्ट किया कि सपा किसी का विरोध नहीं कर रही है। उन्होंने कहा, “उनका विरोध सपा नहीं, बल्कि उनके अपने समाज के लोग ही कर रहे हैं; वे आपस में ही उलझे हुए हैं।”
इसी दौरान उन्होंने चुटकी लेते हुए आगे जोड़ा कि बाबा बागेश्वर बहुत महंगे कथावाचक हैं, जबकि हमारे क्षेत्र में काफी कम खर्च में उनसे भी अच्छे और श्रेष्ठ कथावाचक उपलब्ध हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी साधु-संतों और कथावाचकों का आदर-सम्मान करती है। इस दौरान उनके साथ सपा के स्थानीय विधायक राम सिंह और सपा नेता विदुप अग्रहरि समेत कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- 2027 में कौन होगा BJP का CM फेस? केशव प्रसाद मौर्य के बयान के बाद योगी आदित्यनाथ ने दिया सीधा जवाब - November 26, 2026
- प्रतापगढ़ में सपा नेता शिवपाल यादव का दावा; बोले— “भाजपा कमजोर हो चुकी, गठबंधन दर्ज करेगा ऐतिहासिक जीत” - November 26, 2026
- 20 हजार से साधे जाएंगे यूपी के महिला वोटर? चुनाव से पहले भाजपा के इस प्लान ने बढ़ाई सियासी हलचल! - November 25, 2026