नोएडा के एफएनजी विहार गढ़ी चौखंडी इलाके में एक प्लाट पर कब्जे को लेकर उपजे विवाद ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा नोएडा महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष दीनबंधु कुमार ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत भेजी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत भेज आरोप लगाया है कि उनके परिवार के नाम दर्ज प्लाट पर दबंगों ने कब्जा कर लिया। विरोध करने पर उनके भाई वीरेंद्र भगत के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
शिकायत के अनुसार परिवार ने प्लाट वीरेंद्र भगत के नाम पर लिया था, लेकिन तैयब नामक व्यक्ति ने उस पर कब्जा कर लिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि चौकी इंचार्ज अंकित तंवर ने उन्हें थाने में बैठाकर कब्जा कराने में मदद की।
मामले की शिकायत थाने में देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एडीसीपी से शिकायत की गई, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जांच के दौरान थाना स्तर से प्लाट पर गलत तरीके से कब्जा किए जाने की बात सामने आई।
क्या है मामला
एक दिन जब वीरेंद्र भगत प्लाट पर बैठे थे, तब आरोपितों ने गुंडे भेजकर उन्हें धमकाया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। हमले में उनके दोनों हाथ टूटने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने केवल मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, जबकि गंभीर धाराओं में कार्रवाई का भरोसा दिया गया था।
घटना को करीब दो महीने बीतने के बावजूद न तो मुकदमे के संबंध में कोई स्पष्ट अपडेट दिया गया है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने शिकायत में थाना फेस-3 के एसएचओ और चौकी इंचार्ज की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
मंडल अध्यक्ष दीनबंधु कुमार ने कहा कि वह पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक शिकायत पहुंचा चुके हैं, लेकिन परिवार को इंसाफ नहीं मिल पाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वह अपने पूरे परिवार के साथ आत्मदाह करने के लिए मजबूर होंगे और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। हालांकि शिकायत में लगाए गए आरोपों पर पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।
सरकार, संगठन, जनप्रतिनिधि साथ खड़े रहेंगे
भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और कहा है कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। यह मामला केवल उनके संगठन तक सीमित नहीं है, आम आदमी के साथ भी यदि इस प्रकार की हरकत होती है, तो सरकार, संगठन, जनप्रतिनिधि साथ खड़े रहेंगे।
नोएडा कमिश्नरेट पुलिस का कहना
थाना फेस-3 क्षेत्रांतर्गत ग्राम गढ़ी चौखंडी में स्थित एक ही प्लाट की रजिस्ट्री 02 व्यक्तियों द्वारा कराई गई थी। दोनों व्यक्ति उक्त प्लाट पर अपना अधिकार बताते हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना फेस-3 पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पूर्व से पंजीकृत है।
विवेचना के दौरान मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अभियोग में समुचित धाराओं की वृद्धि पूर्व में ही की जा चुकी है। भूमि की पैमाइश संबंधी कार्य राजस्व विभाग से संबंधित है। साक्ष्य संकलन करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
साभार सहित
- इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: स्कूल में यूनिफार्म के साथ हिजाब पहनकर प्रवेश की मांग वाली याचिका खारिज - August 25, 2026
- कानपुर में डंपिंग साइट पर फेंकी गईं एक्सपायर्ड चॉकलेट और टॉफियां बैग और डिब्बों में भरकर ले गए लोग, वीडियो हुआ वायरल - August 25, 2026
- नोएडा में प्लाट कब्जे के विवाद पर गरमाई सियासत, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप - August 25, 2026