आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी ने धूमधाम से मनाया प्रथम स्थापना दिवस: आयोजित हुआ भव्य समारोह, उठी ‘कलाकार बोर्ड’ गठन की मांग

PRESS RELEASE

आगरा। आज फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रैंड ट्री में आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी (AGUP) का प्रथम स्थापना दिवस समारोह एवं कार्यकारिणी बोर्ड बैठक का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। दीप प्रज्वलन वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महासचिव संदीप उपाध्याय, आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी की अध्यक्ष रिंकू प्रवीण वर्मा, महासचिव कमलप्रीत सिंह (शैंकी), उपाध्यक्ष डॉ. मंजरी शुक्ला, उपाध्यक्ष पंकज वर्मा, भीम शिरोमणि एवं देव शर्मा ने किया।

कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए महासचिव कमलप्रीत सिंह (शैंकी) ने कहा कि एक वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश के कलाकारों को संगठित करने और उनके हितों की रक्षा के लिए इस प्रमुख संगठन का गठन किया गया था। आज इस संगठन ने अपना एक वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। उन्होंने गत एक वर्ष में संगठन द्वारा किए गए कार्यों का विस्तृत प्रेजेंटेशन कार्यकारिणी के समक्ष प्रस्तुत किया।

अपने स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष रिंकू प्रवीण वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह मंच कलाकारों के लिए एक परिवार के रूप में काम करता है, जो उनके उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आगरा सहित प्रदेश के लगभग 5 जिलों में 500 से अधिक कलाकार इस गिल्ड से जुड़कर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि कलाकारों के हित और कल्याण के लिए एक विशेष ‘कलाकार कल्याण बोर्ड’ का गठन किया जाए।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन हमेशा से कलाकारों के लिए एक अलग वर्टिकल की आवश्यकता महसूस करता था। आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी ने बहुत ही कम समय में कलाकारों के हितों के लिए सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि इस संगठन के माध्यम से कलाकारों को हर मंच पर उचित सम्मान और उचित मानदेय मिले।

प्रदेश सरकार संस्कृति विभाग के माध्यम से कलाकारों के लिए कार्य योजना बनाती है, लेकिन हम चाहते हैं कि एक मजबूत और ठोस कार्य योजना बनाई जाए ताकि जिला स्तरीय, प्रदेश स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में कलाकारों की सहभागिता उचित मानदेय और सम्मान के साथ सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि कलाकार हमारे जीवन में एकाग्रता और उल्लास भरते हैं, इसलिए उनके जीवन में भी उत्साह और उमंग बना रहे, यह समाज की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी के सचिव रोहन सिंह, अनिल वर्मा, निधि सोनी, साहिल चौहान ने सभी को प्रथम स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हम लोग दर्शकों का मनोरंजन कर उनके जीवन में खुशियां भरते हैं, लेकिन एक कलाकार की ऊर्जा और उत्साह उसकी कला पर मिलने वाली तालियां, उसका सम्मान और उसका मानदेय ही है। कलाकार सदैव पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करता है, इसलिए उसकी कला को समझना और सम्मान देना आवश्यक है।

कार्यक्रम की व्यवस्था प्रमुख रूप से ललित शर्मा, योगेश शर्मा, अनूप सिंह, अपूर्व सिंह और श्रीकांत ने संभाली।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पंकज गोयल, सौरभ सिंघल संस्था के एडमिनिस्ट्रेटर अनिल सविता सहित बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh