आपने तो हिंदुओं का पानी ही लूट लिया… जल जीवन मिशन में 30 हजार करोड़ के घोटाले पर बोले संजय सिंह

POLITICS

लखनऊ। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जल जीवन मिशन योजना में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कथित महाघोटाले को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर फिर तीखा प्रहार किया है। संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर जौनपुर जिले का एक वीडियो साझा करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की घेराबंदी की है।

​सांसद संजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जिस हिंदू का खून न खौला, खून नहीं वो पानी है। आदरणीय मोदी-योगी जी, हमारा खून बहुत खौल रहा है, आपने तो हिंदुओं का पानी ही लूट लिया।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिना टंकी और बिना पाइप लाइन बिछाए घर-घर पानी पहुंचाने का अद्भुत जादू दिखाया जा रहा है।

जौनपुर के सिरकोनी ब्लॉक का उठाया मुद्दा

​सांसद संजय सिंह ने जिस वीडियो का हवाला दिया, वह जौनपुर जिले के सिरकोनी ब्लॉक स्थित नसीराबाद और बैरीपुर गांव का बताया गया है। उन्होंने लिखा कि यह पूर्व सैनिक हरेंद्र यादव की रिपोर्ट है। योजना के तहत कागजों में करोड़ों रुपये की लागत से पानी की टंकियां बनाई गई थीं, जो धरातल पर गायब नजर आ रही हैं।

जनता से मांगी भ्रष्टाचार की वीडियो रिपोर्ट

​आप सांसद ने उत्तर प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर उनके गांव में भी जल जीवन मिशन की टंकी टूटी है, पाइप लाइन नहीं बिछी है या किसी भी तरह का भ्रष्टाचार हुआ है, तो वे उसका वीडियो बनाकर उन्हें एक्स पर सीधे (DM) भेजें। उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजना केंद्र और राज्य सरकार मिलकर चला रही हैं और पूरे प्रदेश में इस योजना के नाम पर 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला किया गया है। वे इस ‘लूट के मिशन’ को उजागर करने के लिए लगातार अभियान चलाएंगे।

Dr. Bhanu Pratap Singh