आजम खान पर बरसे बीजेपी नेता संगीत सोम: बोले— ‘खून के दागों से भरा है सफेद कुर्ता, एनकाउंटर का डर होना स्वाभाविक’

POLITICS

मेरठ/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और पूर्व बीजेपी विधायक संगीत सोम के बीच जुबानी जंग बेहद तेज हो गई है। जेल से रिहाई के बाद अपने साथ हुए कथित उत्पीड़न और एनकाउंटर के डर को लेकर आजम खान द्वारा दिए गए बयानों पर संगीत सोम ने करारा पलटवार किया है। संगीत सोम ने न केवल आजम खान पर गंभीर आरोप मढ़े, बल्कि उन्हें अयोध्या जाकर भगवान राम के चरणों में क्षमा मांगने की सलाह भी दे डाली।

बीजेपी नेता संगीत सोम ने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का संदर्भ देते हुए आजम खान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दंगों के दौरान आजम खान के इशारे पर कई निर्दोष लोगों की जानें गईं। सोम ने तंज कसते हुए कहा कि आजम खान का सफेद कुर्ता वास्तव में निर्दोषों के खून के दागों से भरा हुआ है, और ऐसे में यदि उन्हें अपने एनकाउंटर का डर सता रहा है तो यह बिल्कुल स्वाभाविक है।

​’सरयू में डुबकी लगाएं और राम मंदिर में मांगें माफी’

संगीत सोम ने आजम खान को सलाह देते हुए कहा कि 12 दिसंबर को अखिलेश यादव अयोध्या जाने वाले हैं, ऐसे में आजम खान को भी उनके साथ अयोध्या जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आजम खान को सरयू नदी में डुबकी लगानी चाहिए और फिर भगवान श्रीराम के दरबार में जाकर अपने कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए। सोम ने यह भी आरोप लगाया कि आजम खान उस कमेटी के सदस्य रहे थे जिसने राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था, इसलिए अयोध्या जाकर ही उन्हें अपने पापों का प्रायश्चित करने का अवसर मिलेगा।

अखिलेश यादव को बताया ‘कालनेमी’

हमले का दायरा बढ़ाते हुए संगीत सोम ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने अखिलेश यादव की तुलना पौराणिक पात्र ‘कालनेमी’ से करते हुए कहा कि सपा अध्यक्ष का दोहरा चरित्र है— वे दिन में कुछ और रात में कुछ नजर आते हैं। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश के अयोध्या दौरे की तिथि (12 दिसंबर) पर भी सवाल खड़ा किया और कहा कि यदि उनमें निष्ठा होती तो उन्हें 6 दिसंबर को ही अयोध्या जाना चाहिए था।

​जेल से निकलने के बाद क्या बोले थे आजम खान?

गौरतलब है कि जेल से रिहा होने के उपरांत आजम खान ने आरोप लगाया था कि जेल में उनके साथ गंभीर ज्यादतियां हुईं और मानवाधिकारों का हनन किया गया। उन्होंने जेल के भीतर कोठरी की स्थिति, भोजन और चिकित्सीय सुविधाओं पर सवाल उठाए थे। आजम खान ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्हें हर वक्त अपने एनकाउंटर का खौफ सताता रहता था और वे किसी से बदला नहीं, बल्कि केवल इंसाफ की उम्मीद रखते हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh