आगरा:
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसा फतेहाबाद क्षेत्र के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
एम्बुलेंसकर्मी की सूचना पर पहुंची पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे एम्बुलेंसकर्मी राहुल ने युवक की नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल डायल 112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य किया तथा घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद युवक की जान नहीं बचाई जा सकेगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है और शव को पोस्टमार्टम व अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भिजवा दिया है।
बाइक नंबर से शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस
हादसे का शिकार हुई मोटरसाइकिल का नंबर HR 26 GG 9075 है, जो आगरा से लखनऊ की दिशा की ओर जा रही थी। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाइक डिवाइडर से टकराई है, हालांकि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ, इसकी असली वजह अभी सामने नहीं आ सकी है।
पुलिस पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन मालिक और मृतक की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है, परंतु संबंधित मोबाइल नंबर बंद मिलने के कारण संपर्क साधने में कठिनाई आ रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदा लोगों के विवरण खंगालते हुए मृतक की शिनाख्त के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता: पिता ने किडनी दान कर बचाई बेटे की जान, दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा कामयाब - October 11, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: फतेहाबाद के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत - October 11, 2026
- ताजमहल में पर्यटकों के बीच जमकर हुई हाथापाई: पैर पर पैर रखने के मामूली विवाद पर भिड़े राजस्थान के पर्यटक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप - October 11, 2026