महालक्ष्मी मंदिर, बल्केश्वर में पांच दिनों तक बहेगी श्रीकृष्ण भक्ति की रसधारा;
मेहंदी, निशान यात्रा, 11 किलो की पोशाक, भजन संध्या और छप्पन भोग होंगे विशेष आकर्षण
आगरा। यमुना मैया के पावन तट पर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर का परिसर मंगलवार को वैदिक मंत्रों, हवन की पवित्र अग्नि और श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड पाठ से भक्तिमय हो उठा। श्री देवी जी ट्रस्ट एवं श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का विधिवत शुभारंभ भूमि पूजन, हवन एवं सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ।
मां महालक्ष्मी के पावन चरणों में श्रद्धा निवेदित करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ। यमुना मैया के तट पर गूंजते मंत्रों और मां महालक्ष्मी मंदिर परिसर में व्याप्त भक्ति की अनूठी छटा ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया।
श्री देवी जी ट्रस्ट के राम मोहन कपूर, सतीश गोपाल कपूर, अपिल अंजलि कपूर, तुषार शिवानी कपूर द्वारा आचार्य संतोष शास्त्री के मार्गदर्शन में हवन कुंड में आहुतियां देकर महोत्सव के सफल, निर्विघ्न एवं मंगलमय आयोजन की कामना की गई। इसके पश्चात संध्याकाल में पंडित सीपी शर्मा द्वारा स्वरबद्ध किए गए संगीतमय सुंदरकांड पाठ ने पूरे वातावरण को राम और कृष्ण भक्ति के अद्भुत संगम से सराबोर कर दिया।
श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि श्री महालक्ष्मी मंदिर परिसर, यमुना तट, बल्केश्वर में आयोजित होने वाला यह महोत्सव लगातार 18वें वर्ष श्रद्धा, आस्था और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 5 सितंबर तक चलने वाले पांच दिवसीय महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्ति संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य संगम देखने को मिलेगा।
महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को मंदिर परिसर में ‘कान्हा के नाम की मेहंदी’ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही म्यूजिक भजन कंसर्ट का आयोजन होगा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वल्लभा बैंड अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं में भक्ति भाव का संचार करेंगे और मंदिर परिसर भजनों की मधुर स्वर लहरियों से गूंज उठेगा।
महोत्सव के अंतर्गत 3 सितंबर को प्रातः 7 बजे भव्य भक्ति निशान यात्रा निकाली जाएगी। सैंकड़ो श्रद्धालु निशान लेकर यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा बल्केश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर तक पहुंचेगी।
पूरे मार्ग में निशान यात्रा का पुष्पवर्षा एवं इत्रवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा।
इसी दिन शाम को राधानगर से श्री महालक्ष्मी मंदिर तक भव्य पोशाक यात्रा निकाली जाएगी। इस वर्ष मां महालक्ष्मी को अर्पित की जाने वाली विशेष पोशाक का वजन 11 किलो होगा।
वृंदावन से विशेष रूप से तैयार होकर आ रही यह सतरंगी और आकर्षक पोशाक यात्रा का प्रमुख आकर्षण होगी।
4 सितंबर की शाम महोत्सव में भक्ति संगीत का विशेष आयोजन होगा। प्रख्यात भजन गायक ब्रजराज सिंह लक्खा, कानपुर की शर्मा सिस्टर्स तथा बेटू व आल्या शर्मा अपनी भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।
इसी दिन मां महालक्ष्मी का दिव्य श्रृंगार फूल बंगला वाटिका की थीम पर किया जाएगा।
पांच दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन 5 सितंबर को 7000 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए विशाल शाम की रसोई आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर अशोक आशा सिंघल, अजय अंशु अग्रवाल, अखिलेश स्वाति गुप्ता, अमित रश्मि मित्तल, दिलीप श्रुति बंसल, ध्रुव आयुषी गर्ग, गौरव रीना वार्ष्णेय, हेमंत पायल मोहता, करतार चंद्र शुभलेश शास्त्री, मनोज मनीषा जैन, केएल अग्रवाल, मनीष गुप्ता, मनीष सुकृती सिंघल, मनीष रचना गोयल, मुकेश संध्या गुप्ता, पवन प्रीति जैन, राकेश ममता अग्रवाल, राकेश निर्मला अग्रवाल, सुमित सुलेखा बंसल, तनु गुप्ता, विष्णु शकुन अग्रवाल, विष्णु रश्मि गर्ग आदि उपस्थित रहे।
- मैनपुरी: ईएमटी शालिनी की सूझबूझ और तत्परता से एंबुलेंस में हुआ सुरक्षित प्रसव, सीएमओ ने दी बधाई; जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ - September 1, 2026
- आगरा में स्वाइन फ्लू (H1N1) को लेकर स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट: ताजमहल और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की स्क्रीनिंग शुरू, विशेष वार्ड आरक्षित - September 1, 2026
- बीजेपी आगरा महानगर की मंडल कार्यसमिति सत्यापन एवं प्रवासी योजना कार्यशाला आयोजित: आगामी चुनावों को लेकर बनी रणनीति, कार्यकर्ताओं को दिए गए निर्देश - September 1, 2026