आगरा: अखिल विश्व गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री श्याम बिहारी दुबे ने आज युग शक्ति गायत्री पब्लिक स्कूल, अवधपुरी में आयोजित एक विशेष बैठक में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने आगरा की शीतला गली में जन्मीं, परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्म शताब्दी कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत आयोजित होने वाले आगामी भव्य कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी परिजनों से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
श्री दुबे ने बैठक में जानकारी दी कि आगामी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में तीन दिवसीय विराट कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने देश-विदेश के सभी गायत्री परिजनों और कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक गरिमामयी कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए भावभीना आमंत्रण दिया।
251 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ का आमंत्रण
इसके साथ ही, उन्होंने आगरा के सेक्टर-11, आवास विकास कॉलोनी में आगामी 16 से 19 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 251 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने इस महायज्ञ को ऐतिहासिक बनाने के लिए आगरा जिले के सभी जातियों, धर्मों और संप्रदायों के नागरिकों को एक साथ आकर यज्ञ में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।
घर-घर जाकर जनसंपर्क करने का संकल्प
वरिष्ठ कार्यकर्ता ने सभी परिजनों से विशेष आग्रह किया कि वे टोली बनाकर हर मोहल्ले में घूमें और घर-घर जाकर लोगों को इस पावन महायज्ञ का निमंत्रण दें, ताकि आगरा का प्रत्येक नागरिक इस 251 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आध्यात्मिक लाभ उठा सके।
बैठक के दौरान श्री श्याम बिहारी दुबे ने रामायण, महाभारत, श्रीमद्भगवद्गीता, प्रज्ञा पुराण और उपनिषदों के विभिन्न प्रेरक प्रसंगों को सुनाकर कार्यकर्ताओं में अपूर्व ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने सभी को आपसी मतभेद भुलाकर संगठित होकर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया, जिसे सभी गायत्री परिजनों ने सहर्ष और पूरे उत्साह के साथ स्वीकार करते हुए आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
- आगरा में भाजपा महिला मोर्चा का उग्र प्रदर्शन, कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ सड़कों पर उतरीं महिला कार्यकर्ता, एमजी रोड पर निकला विशाल जुलूस - October 12, 2026
- अखिल विश्व गायत्री परिवार का शंखनाद: आगरा में भव्य आयोजनों की शुरुआत, दिल्ली से लेकर आवास विकास तक गूंजेगी अध्यात्म की गूंज - October 12, 2026
- एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा की ऐतिहासिक उपलब्धि: पहली बार एंडोवास्कुलर तकनीक से ‘ब्रेन AVM’ का किया सफल इलाज, 19 वर्षीय युवक को मिला नया जीवन - October 12, 2026