होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान बीटेक इंजीनियर शिवम यादव की दौड़ लगाते वक्त मौत, आप सांसद संजय सिंह ने योगी सरकार को घेरा

REGIONAL





​लखनऊ/मुरादाबाद। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा तंज कसते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यूपी में बेरोजगारी का आलम यह है कि “कंप्यूटर साइंस में बीटेक” करने वाले युवा शिवम यादव को होमगार्ड की नौकरी के लिए दौड़ते-दौड़ते अपनी जान गंवानी पड़ी। इससे पहले मेरठ और सीतापुर में भी ऐसी ही दर्दनाक घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें दो युवाओं की जान जा चुकी है।

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब होमगार्ड्स को समय पर ड्यूटी तक नहीं मिलती, तो फिर इस तरह की खतरनाक दौड़ का क्या औचित्य है? इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। सांसद ने दिवंगत शिवम को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि एक “दीया” शिवम के नाम।

​दौड़ पूरी होने से महज 50 मीटर पहले थमी सांसें

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए आयोजित शारीरिक दौड़ के दौरान मंजिल से महज 50 मीटर की दूरी पर कंप्यूटर साइंस इंजीनियर 27 वर्षीय शिवम यादव बेहोश होकर गिर पड़े और उनकी सांसें थम गईं। मूल रूप से बरेली के रहने वाले शिवम ने दौड़ के 11 राउंड सफलतापूर्वक पूरे कर लिए थे, लेकिन 12वें और अंतिम राउंड में दौड़ते-दौड़ते उनकी जिंदगी की डोर टूट गई। सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है। इस घटना से पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

​अधिवक्ता पिता के चार बेटों में दूसरे नंबर के थे शिवम

मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती वंशी नगला बेनीपुर चौधरी के रहने वाले अधिवक्ता विनोद यादव, बरेली बार एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष हैं। उनके चार बेटों में दूसरे नंबर के बेटे शिवम यादव ने कंप्यूटर साइंस से बीटेक किया था और उन्होंने ही होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन किया था।​

शुक्रवार की सुबह पांचवीं पाली में नौवीं वाहिनी पीएसी के मैदान में यह दौड़ परीक्षा आयोजित की गई थी। गुरुवार की रात करीब 10 बजे शिवम अपने पिता विनोद यादव और मौसेरे भाई हिमांशु यादव के साथ बरेली से रोडवेज बस में सवार होकर मुरादाबाद पहुंचे थे। हिमांशु की दौड़ अंतिम पाली में होनी थी, जबकि शिवम की परीक्षा पांचवीं पाली में थी। इस भर्ती प्रक्रिया में 4800 मीटर की दौड़ पूरी करने के लिए 28 मिनट का समय निर्धारित किया गया था। बता दें कि शिवम का विवाह वर्ष 2023 में कोमल के साथ हुआ था और उनकी डेढ़ साल की एक छोटी सी मासूम बेटी भी है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया है।




Dr. Bhanu Pratap Singh