आगरा। जीवनी मंडी परिसर स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर के श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे सावन महोत्सव के अंतर्गत एक माह से प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे 108 रुद्राभिषेक का सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर विशेष महा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयघोष से गूंज उठा।
सावन मास के प्रारंभ से ही श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया जा रहा था। सावन के प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, दही, घी, शहद सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं परिवार की मंगलकामना की। सावन पूर्णिमा पर इस धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति विशेष महाआरती के साथ हुई।
समापन अवसर पर मंदिर के मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल एवं सीमा अग्रवाल ने विधि-विधान के साथ महा रुद्राभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान शिव के जयकारों के बीच हुए अभिषेक से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। पंडित मुकेश शर्मा और अनंत उपाध्याय ने विधि विधान से पूजन संपन्न कराया।
मंदिर के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि सावन महोत्सव के अंतर्गत विगत एक माह से प्रतिदिन रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा था। सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इसी धार्मिक भावना के साथ मंदिर में पूरे सावन माह श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति और रुद्राभिषेक से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि 108 रुद्राभिषेक की पूर्णाहुति के अवसर पर विशेष महाआरती का आयोजन किया गया।
सावन पूर्णिमा के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्वेत पुष्पों से श्रृंगार किया गया। सफेद पुष्पों से सजे बाबा श्याम का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर में बाबा श्याम के मनोहारी दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रही। श्वेत पुष्पों की मनमोहक सजावट और दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर का वातावरण अत्यंत आकर्षक और आध्यात्मिक नजर आया।
सावन पूर्णिमा की विशेष महाआरती में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भाग लिया। घंटा-घड़ियाल और शंखनाद के बीच भगवान श्यामेश्वर महादेव एवं बाबा श्याम की आरती उतारी गई।
इस अवसर पर संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल आदि उपस्थित रहे।
- …ये भाजपाई क्या वचन निभाएंगे… रक्षाबंधन पर फ्री बस यात्रा को लेकर गरमाई सियासत, अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर यूपी सरकार पर बोला हमला - August 28, 2026
- लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर मनाया गया अनूठा रक्षाबंधन: ‘स्नेह बंधन’ कार्यक्रम में स्कूली बच्चियों ने सीएम योगी की कलाई पर बांधी राखी - August 28, 2026
- ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गार्डों से विवाद के बाद गरमाई सियासत: अखिलेश यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली महिला के खिलाफ सपा ने दर्ज कराया मुकदमा - August 28, 2026