लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा मौत मामला: सामने आया नया सीसीटीवी फुटेज, सीढ़ियों से उतरते नजर आए शिवा और श्रद्धा दुबे

Crime

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित कारोबारी शिवा शर्मा (Shiva Sharma) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार नए और चौंकाने वाले मोड़ ले रहा है। इस मामले से जुड़ा एक ताजा सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर शिवा शर्मा सीढ़ियों से नीचे उतरते हुए श्रद्धा दुबे (Shraddha Dubey) का हाथ पकड़े हुए नजर आ रहा है। इन दोनों से आगे श्रद्धा की बहन रश्मि हाथ में मोबाइल थामे हुए सीढ़ियों से उतर रही है। बताया जा रहा है कि यह फुटेज शिवा की मौत से ठीक पहले का है। इस मामले में पुलिस पहले ही श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

​फ्लैट मालिक अजय राय का दावा- ‘उग्र स्वभाव की थी श्रद्धा‘

​घटनास्थल यानी अवध ग्रीन अपार्टमेंट में स्थित संबंधित फ्लैट के मालिक अजय राय ने इस प्रकरण पर खुलकर बात की है। उन्होंने दावा किया कि श्रद्धा दुबे का स्वभाव बेहद उग्र और झगड़ालू था। उन्होंने कहा कि किसी को गाली देने का उसका अंदाज इतना वीभत्स होता था कि एक पल के लिए यकीन ही नहीं होता था कि इतनी सुंदर दिखने वाली महिला ऐसी भाषा बोल सकती है।

अजय राय के मुताबिक, श्रद्धा के इसी झगड़ालू रवैये से परेशान होकर ही उन्होंने फ्लैट परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, जिस पर भी श्रद्धा को खासी आपत्ति थी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पुरुष प्रधान व्यवस्था की बात कही जाती है, लेकिन अक्सर ऐसी परिस्थितियों में पुरुषों का पक्ष सुने बिना ही एकतरफा माहौल बना दिया जाता है, जबकि कई बार पुरुष भी प्रताड़ित होता है।

क्या है पूरा मामला?

​यह पूरा सनसनीखेज मामला लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट का है। गत 9 अक्टूबर 2026 को 28 वर्षीय युवा कारोबारी शिवा शर्मा की इमारत की चौथी मंजिल से नीचे गिरने के बाद रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक शिवा कैफे और फूड बिजनेस से जुड़ा हुआ था।

​घटना के बाद शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा दुबे और उसकी बहन पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। परिजनों का आरोप था कि शिवा के साथ पहले कमरे में मारपीट की गई और उसके बाद उसे साजिश के तहत बिल्डिंग से नीचे धक्का देकर मार डाला गया। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

​दूसरी ओर, आरोपी श्रद्धा दुबे ने भी घटना के बाद वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी थी और दावा किया था कि शिवा ने खुद आत्महत्या की नीयत से छलांग लगाई थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पहले भी सीसीटीवी फुटेज को लेकर चर्चाएं होती रही हैं, और अब सामने आए इस नए फुटेज ने मामले की जांच को एक नया आयाम दे दिया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें इस वीडियो की प्रामाणिकता की गहराई से जांच कर रही हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh