​यूपी MLC चुनाव में सपा की बढ़त से गदगद अखिलेश यादव बोले- “बनारस में हार से हताश भाजपा ऑल आउट, लखनऊ वाले नहीं उठा रहे दिल्ली का फोन”

POLITICS

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों पर चल रही मतगणना के बीच सियासी बयानबाजी अपने चरम पर पहुंच गई है। शुरुआती रुझानों और घोषित नतीजों में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदर्शन को देखते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक के बाद एक कई पोस्ट शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए बड़ा हमला बोला है।

अब तक आए 7 सीटों के परिणामों में जहां 5 पर बीजेपी और 2 पर सपा ने कब्जा जमाया है, वहीं बाकी बची सीटों के रुझानों को मिलाकर मुकाबला कड़ा होता दिख रहा है। अखिलेश यादव का दावा है कि सपा-बीजेपी का यह मुकाबला 6-5 से समाजवादी पार्टी के पक्ष में जा रहा है।

“लखनऊ वाले नहीं उठा रहे दिल्ली का फोन”

​अखिलेश यादव ने अपनी पहली पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा “वाराणसी में एमएलसी चुनाव में हार से हताश भाजपा की हालत खराब है। लखनऊ वाले दिल्ली वालों का फोन नहीं उठा रहे हैं। सच तो ये है कि भाजपा यूपी एमएलसी चुनाव में ‘ऑल आउट’ हो गई है।”

​हालांकि उन्होंने अपने इस बयान में किसी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के बीच के समीकरणों पर सीधे निशाने के रूप में देखा जा रहा है।

वाराणसी में मतगणना रोकने पर धांधली का लगाया आरोप

​वाराणसी सीट पर चल रही खींचतान पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि हार के डर से बीजेपी प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने लिखा
“वाराणसी में मतगणना रोक देने के पीछे रिजल्ट बदलने की पुरानी भाजपाई चाल चली जा रही है। सुना है हार के डर से कोई इधर-उधर की चहलकदमी कर रहा है। दरअसल, ‘पीडीए’ की जीत पर ये भी अंदर-ही-अंदर खुश हैं, घर छोड़ देने से कोई पराया नहीं हो जाता है।”

​अखिलेश ने आगे कहा कि अगर गोरखपुर क्षेत्र में बीजेपी ने “घोड़े की ढाई चाल” न चली होती, तो वहां भी बनारस जैसी स्थिति होती। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में भी भाजपा नैतिक रूप से चुनाव हार चुकी है।

“जब तक हाथ में जीत का प्रमाण नहीं, तब तक विश्राम नहीं”

​वाराणसी और अन्य क्षेत्रों में डटे सपा कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए अखिलेश यादव ने अपील की कि अंतिम नतीजे आने और हाथ में जीत का प्रमाणपत्र मिलने तक कोई भी विश्राम न करे।

​उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि घोर बेईमानी और प्रशासनिक हेराफेरी के बावजूद जनता ने बीजेपी की दुर्गति तय कर दी है। जिन भ्रष्ट अधिकारियों ने चुनाव के दौरान भाजपा की ‘चाकरी’ की है, प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर उन सभी को जनता के कटघरे में खड़ा कर कानूनी हिसाब लिया जाएगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh