आगरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन उपलक्ष्य में कमला नगर स्थित कावेरी कुंज के कावेरी मंदिर में कावेरी मंदिर कमेटी द्वारा भव्य धार्मिक एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। इस अवसर पर ठाकुर जी का आकर्षक फूल बंगला सजाया गया, जहां रंग-बिरंगे एवं सुगंधित पुष्पों के मध्य विराजमान भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
जन्माष्टमी पर्व को और अधिक दिव्य एवं मनोहारी बनाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं से जुड़ी आकर्षक झांकियां भी सजाई गईं। नंदलाला की बाल लीलाओं और श्रीकृष्ण के मनोहारी स्वरूपों की झलक ने मंदिर परिसर को ब्रजमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ ठाकुर जी के दर्शन किए तथा जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कावेरी मंदिर कमेटी के मुख्य संरक्षक टीएन अग्रवाल, संरक्षक गिरीश गुप्ता एवं राम प्रकाश अग्रवाल तथा अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने ठाकुर जी की विधिवत आरती कर किया। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य संरक्षक टीएन अग्रवाल ने कहा कि “भगवान श्रीकृष्ण केवल आराध्य ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी हैं। उनकी लीलाएं प्रेम, करुणा, सेवा और सत्य का संदेश देती हैं।
जन्माष्टमी का यह पावन पर्व हमें अपने जीवन में श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात करने तथा प्रेम और सद्भाव के साथ समाज को जोड़ने की प्रेरणा देता है। कावेरी मंदिर में आयोजित यह फूल बंगला और झांकियां श्रद्धालुओं को ब्रज की दिव्य अनुभूति करा रही हैं।”
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष राकेश गर्ग एवं अतुल बंसल, महामंत्री देवेंद्र अग्रवाल, मंत्री आरके श्रोतिय, कोषाध्यक्ष सतीश पखीजा, अंकेक्षक राकेश खंडेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य मनीष गोयल, राजीव अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, संजय तिवारी आदि उपस्थित रहे।
- आगरा के जगदीशपुरा में दुकान और प्लॉट खाली कराने को लेकर विवाद: भाजयुमो नेता समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज - September 26, 2026
- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में ईसीआई की अहम बैठक: फॉर्म-6 और एसआईआर विवाद पर आयोग का बड़ा स्पष्टीकरण, कई कड़े प्रशासनिक फैसले - September 26, 2026
- वृंदावन के राधा केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज के शिष्य की संदिग्ध हालात में मौत: चौथी मंजिल से गिरने से गई जान, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल - September 26, 2026