आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आगरा के करीब तीन घंटे के दौरे पर रहेंगे। उनके इस हाई-प्रोफाइल दौरे को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री अपने इस दौरे की शुरुआत ताज ईस्ट गेट पर निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम के निरीक्षण से करेंगे। इसके बाद फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वह स्नातक और शिक्षक विधान परिषद (MLC) चुनाव के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं से समर्थन की अपील करेंगे।
छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का लेंगे जायजा
खेरिया एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे ताज ईस्ट गेट स्थित निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम पहुंचेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसका प्रस्तावित उद्घाटन 15 दिसंबर को होना है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह निरीक्षण समयसीमा के भीतर काम पूरा कराने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दो भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगेंगे समर्थन
म्यूजियम के निरीक्षण के बाद सीएम योगी फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां होने वाली जनसभा में वह आगरा खंड स्नातक सीट से प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह और शिक्षक सीट से प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी के समर्थन में चुनावी हुंकार भरेंगे। भाजपा संगठन ने इस जनसभा में आगरा और आसपास के जिलों से करीब 15 हजार लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया है। इस सभा के माध्यम से पार्टी स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के बीच अपनी स्थिति को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।
दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से करेंगे मुलाकात
चुनावी जनसभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला फतेहाबाद क्षेत्र के नगला देवहंस पहुंचेगा। यहां वे हाल ही में दिवंगत हुए विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर जाकर उनके शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात करेंगे और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां से वे गाजियाबाद के वास्ते प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के इस तीन घंटे के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमले और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
- श्री रामलीला महोत्सव 2026: हनुमान जी के पराक्रम से धू-धू कर जली स्वर्ण लंका, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा रामलीला मैदान - October 15, 2026
- आगरा में दशहरा शोभायात्रा से पहले घमासान: समिति गठन को लेकर भाजपा और सपा समर्थित गुट आमने-सामने, डीसीपी कार्यालय पहुंचा विवाद - October 15, 2026
- आगरा में साइबर ठगी के दो बड़े मामले: डिजिटल लॉक तोड़ने के बाद खाते से निकाले रुपये, तो एपीके लिंक से 9.80 लाख की चपत - October 15, 2026