आगरा। ताजनगरी के खंदौली मार्ग पर तेज रफ्तार और बेकाबू भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। खंदौली रोड स्थित नगला लाले के पास एक अनियंत्रित डंपर ने सड़क किनारे मौजूद दो लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घायल व्यक्ति का एक पैर घुटने के पास से आधा कट गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों व स्थानीय निवासियों की भारी भीड़ एकत्र हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।
सिलेंडर भरवाने आए थे दोनों निवासी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए दोनों व्यक्ति पास के ही गांव नगला बिचपुरी के रहने वाले थे। वे घरेलू गैस सिलेंडर भरवाने के उद्देश्य से नगला लाले के पास आए हुए थे। इसी दौरान खंदौली की ओर से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार डंपर ने दोनों को अपनी चपेट में लेते हुए कुचल दिया।
दुर्घटना इतनी विभत्स थी कि एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का पैर डंपर के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह कुचलकर अलग हो गया।
सीएचसी में उपचार जारी, परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस को सूचित किया और गंभीर रूप से जख्मी व्यक्ति को एम्बुलेंस की मदद से तत्काल पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जैसे ही हादसे और मौत की सूचना नगला बिचपुरी गांव में परिजनों तक पहुंची, रोना-पीटते परिजनों में कोहराम मच गया। भारी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल और अस्पताल की ओर दौड़ पड़े।
तेज रफ्तार वाहनों पर उठे सवाल
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर खंदौली मार्ग पर ओवरस्पीडिंग और भारी वाहनों की अनियंत्रित गति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डंपर चालकों की लापरवाही आए दिन निर्दोष लोगों की जान ले रही है। फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार डंपर व उसके चालक की तलाश की जा रही है।
- सीतापुर में धनतेरस पर दर्दनाक सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 महिलाओं की मौत, 11 घायल - November 6, 2026
- ”भ्रामक और फेक वीडियो फैलाए तो होगी जेल…”: उत्तर रेलवे ने सोशल मीडिया पर भ्रामक कंटेंट पोस्ट करने वालों पर कसा शिकंजा - November 6, 2026
- पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बों में भड़की भीषण आग; सराय बंजारा के पास मची अफरा-तफरी, सभी यात्री सुरक्षित - November 6, 2026