रूस और यूक्रेन में बढ़ते तनाव के चलते भारतीय शेयर बाजार सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को जोरदार गिरावट के साथ खुला और दिनभर के कारोबार के बाद लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 383 अंक टूटकर 75,300 के स्तर पर बंद हुआ जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 114 अंक की गिरावट के साथ 17,092 के स्तर पर बंद हुआ।
जोरदार गिरावट के साथ हुई थी शुरुआत
इससे पहले बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 1024 अंक की गिरावट के साथ 57 हजार से नीचे 56,659 के स्तर पर खुला था, जबकि एनएसई का निफ्टी ने 299 अंक फिसलकर 17 हजार के नीचे आकर 16,907 के स्तर पर खुला था। इसके बाद दिन भर लाल निशान पर कारोबार हुआ। हालांकि, अंत तक बाजार ने शुरुआत की जबरदस्त गिरावट से कुछ राहत जरूर पाई। बता दें कि बीते कारोबारी सत्र सोमवार को सेंसेक्स 149 अंक फिसलकर 57,683 के स्तर पर बंद हुआ था, वहीं निफ्टी भी 70 अंक की गिरावट के साथ 17,206 के स्तर पर बंद हुआ था।
दुनियाभर के बाजारों पर दिखा असर
भारत ही नहीं बल्कि रूस-यूक्रेन में गहराते संकट का असर दुनियाभर के शेयर बाजारों पर दिखाई दे रहा है। एशिया से लेकर यूरोप के बाजारों भारी गिरावट दर्ज की गई है। जहां एक ओर भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को खुलने के साथ ही धड़ाम हो गया, वहीं यूरोपीय बाजारों पर नजर डालें तो एटीएसई 0.39 फीसदी, सीएसी 2.04 फीसदी और डैक्स 2.07 फीसदी टूटकर बंद हुआ। एशियाई बाजारों को देखें तो एसजीएक्स निफ्टी में 1 फीसदी ज्यादा और हैंगसेंग में 3.23 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं शंघाई एसई कम्पोजिट इंडेक्स 1.19 फीसदी, जबकि ताइवान टी सेक्ट 50 इंडेक्स 1.87 फीसदी टूटा है।
कच्चे तेल का भाव 96 डॉलर के पार
एक ओ जहां शेयर बाजारों में गिरावट का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर मंगलवार को ब्रेंट क्रूड का भाव 8 साल के हाई पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का कीमत 96 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गई है। गौरतलब है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित अलगाववादी क्षेत्रों डोनेत्स्क और लुहांस्क की स्वतंत्रता को मान्यता दे दी है। इसके बाद अमेरिका ने पूर्वी यूक्रेन में विद्रोही क्षेत्रों के खिलाफ वित्तीय प्रतिबंधों की घोषणा की, जिन्हें रूस द्वारा नए सिरे से मान्यता दी गई है।
-एजेंसियां
- बिहार में उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का बड़ा विस्तार: 4 नई शाखाएं शुरू, महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को मिलेगा सहारा - February 13, 2026
- राजस्थान के लाल का लंदन में डंका: ब्रिटिश संसद में सम्मानित हुए सीए दिक्षित जैन, शिक्षा को बताया वैश्विक विकास की नींव - February 13, 2026
- आगरा में खसरा-रूबेला के विरुद्ध ‘आर-पार’ की जंग: 16 फरवरी से विशेष टीकाकरण अभियान, CMO ने कसी कमर - February 13, 2026