लोकसभा में बोले मोदी: वो मगरूर हैं खुद की समझ में बेइंतहा, इन्हें आईना मत दिखाओ… वो आइने को भी तोड़ देंगे

NATIONAL


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लोकसभा में जोरदार स्‍पीच दी। इस दौरान उन्‍होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इसके लिए उन्‍होंने एक शायरी का भी सहारा लिया। इसके जरिये उन्‍होंने हंसते हुए कांग्रेस को हर बात का जवाब दिया। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस के कई साथियों ने खूब शेरो-शायरी की है। अब वह भी कुछ उसी अंदाज में बोलना चाहते हैं।
पीएम ने क्‍या शायरी की?
वो जब दिन को रात कहें, तो तुरंत मान जाओ
नहीं मानोंगे तो दिन में नकाब ओढ़ लेंगे
जरूरत हुई तो हकीकत को थोड़ा बहुत मरोड़ देंगे
वो मगरूर हैं खुद की समझ में बेइंतहा
इन्हें आईना मत दिखाओ, वो आइने को भी तोड़ देंगे
कांग्रेस पर बरसते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने हर मुद्दे पर जवाब दिया। उन्‍होंने कहा कि कोविड के इस समय में कांग्रेस पार्टी ने सारी हदें पार कर दीं। पहली लहर के दौरान जब लोग लॉकडाउन का पालन कर रहे थे, दिशा-निर्देश सुझाव दे रहे थे कि लोग जहां हैं वहीं रहें, तब कांग्रेस मुंबई स्टेशन पर खड़ी थी और निर्दोष लोगों को डरा रही थी।
उन्होंने कहा कि इतने चुनाव हारने के बाद आपके (कांग्रेस) ‘अहंकार’ में कोई बदलाव नहीं आया है। इतने वर्षों तक देश पर राज करने वाले और महलनुमा घरों में रहने के आदी छोटे किसान के कल्याण की बात करना भूल गए हैं। भारत की प्रगति के लिए छोटे किसान को सशक्त बनाना जरूरी है। छोटा किसान भारत की तरक्की को मजबूत करेगा। हमारी सरकार पर अंध विरोध की आदत पड़ गई है।
प्रधानमंत्री बोले कि अगर हम लोकल के लिए वोकल होने की बात कर रहे हैं तो क्या हम महात्मा गांधी के सपनों को पूरा नहीं कर रहे हैं? फिर विपक्ष की ओर से इसका मजाक क्यों उड़ाया जा रहा था? हमने योग और फिट इंडिया की बात की, लेकिन विपक्ष ने भी इसका मजाक उड़ाया।
उन्‍होंने राहुल गांधी पर इशारे से निशाना साधा। नाम लिए बगैर कहा कि मेक इन इंडिया का मजाक बनाया गया लेकिन देश के लोगों ने इसका मजाक बनाने वालों का मजाक बना दिया। उन्‍होंने मेक इन इंडिया के मजाक को भारत के सामर्थ्य का अपमान बताया।
पीएम ने कहा कि अगर गरीबी से मुक्ति चाहिए तो हमें छोटे किसानों को मजबूत बनाना होगा। छोटा किसान मजबूत होगा तो छोटी जमीन को भी आधुनिक करने की कोशिश करेगा।
मैं बैठने के लिए तैयार हूं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी पर भी चुटकी ली। बार-बार उनके टोकने पर पीएम मोदी ने हंसते हुए उन्‍हें जवाब दिया। पीएम मोदी ने कहा कि आप कहिए तो मैं बैठ जाऊं। फिर उन्‍होंने कहा कि दादा उम्र के इस पड़ाव में भी बचपन का मचा लेते रहते हैं। उन्‍हें टोकने का पूरा हक है।
दरअसल, पीएम मोदी जैसे ही लोकसभा में बोले, अधीर रंजन चौधरी ने टोका-टोकी शुरू कर दी। इस पर मोदी चुप हो गए। वह धीरे-धीरे मुस्‍कुराने लगे। फिर जवाब दिया। कहा- आप कहें तो मैं बैठने के लिए तैयार हूं।
मोदी ने चुटकी लेते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस के नेता इस तरह का बयान देते हैं जैसे 100 साल तक नहीं आना है। फिर तो मैंने भी यही तैयारी कर ली है।
अंग्रेज की नीति कांग्रेस ने अपना ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी के इस बयान की भी कड़ी निंदा की जिसमें उन्होंने भारत को राष्ट्र मानने से इनकार कर दिया था। पीएम ने पंडित नेहरू के कथन और विष्णु पुराण के श्लोक का उदाहरण देकर पूछा कि भारत राष्ट्र नहीं तो क्या है? उन्होंने कहा कि तोड़ो और राज करो, बांटो और राज करो- कांग्रेस की यही नीति रही है। उन्होंने कहा, ‘अंग्रेज चले गए लेकिन बांटो और राज करो कांग्रेस का चरित्र बन गया है, इसलिए कांग्रेस आज टुकड़े-टुकड़े गैंग का लीडर बन गई है।’
पीएम ने राहुल गांधी पर तमिल भावनाओं को कुरेदकर उनमें अलगाववाद को उकसाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तमिल भाषा के महाकवि और स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यन भारती की एक कविता भी सुनाई। पीएम ने कहा कि हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत का शव लाया जा रहा था तो तमिल भाई-बहनों ने बिना सूचना के सड़क किनारे खड़े रहकर वीर वणक्कम-वीर वणक्कम का नारा लगाया। पीएम ने कहा कि वो तमिलनाडु के निवासियों का हार्दिक आभार जताते हैं।
गरीब अपने हितैषी को सत्ता से बेदखल कभी नहीं करेगा
मोदी ने कहा कि गरीब कभी बेईमानी नहीं करता है। वो उसका कल्याण करने वाले को सत्ता से हटा दे, ऐसा कभी नहीं कर सकता। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने एक झटके में 17 करोड़ गरीब लोगों को अमीर बना दिया। उसने 2013 में गरीबी आकलन के मूल नियमों को बदलकरके ऐसा किया।
महंगाई पर मोदी ने नेहरू की याद दिला दी
पीएम ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए की पिछली सरकार के आखिरी पांच सालों में लगभग पूरे कार्यकाल के दौरान महंगाई 10 प्रतिशत से ज्यादा रही थी जबकि 2014 से 2020 तक महंगाई 5 प्रतिशत से कम रही है। महंगाई पर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने लाल किले से कहा था, ‘कभी-कभी कोरिया में लड़ाई भी हमें प्रभावित करती है। इसके चलते वस्तुओं की कीमतें बढ़ जाती है और नियंत्रण सरकार के हाथों से बाहर हो जाती है। अगर अमेरिका में भी कुछ हो जाता है तो इसका असर भी वस्तुओं की कीमत पर पड़ता है।’ मोदी ने कहा कि यह उस जमाने में कहा गया था जब ग्लोबलाइजेशन इतना नहीं था, नाम मात्र का था। सोचिए तब महंगाई की समस्या कितनी गंभीर थी कि नेहरू जी को लाल किले से हाथ ऊपर करना पड़ता था।
कांग्रेस अगर आज सत्ता में होती तो महंगाई को कोरोना के खाते में जमा करके निकल जाते। लेकिन, हम किसी पर ठीकरा फोड़ करके भाग जाने वाले लोग नहीं हैं, ईमानदारी से प्रयास करने वाले लोग हैं। हम इस समस्या को समझ करके उससे निपटने के लिए काम कर रहे हैं। यह देश का सौभाग्य है कि आप सत्ता में नहीं हैं।
राहुल गांधी के बयान का मोदी को जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केरल के वायनाड से लोकसभा सांसद राहुल गांधी के बयान पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि बाहर तो लोग देश का मजाक उड़ाते ही हैं, अब संसद में भी ऐसी हिम्मत करने लगे हैं। पीएम ने कहा, ‘यहां एक नेता कहते हैं कि मेक इन इंडिया हो ही नहीं सकता है। आपको तकलीफ हो रहा है, हम कर रहे हैं और करेंगे। आज युवा शक्ति ने करके दिखाया है, आप मजाक बन गए हो।’ मोदी ने कहा कि मेक इन इंडिया की सफलता आपको कितना दर्द दे रही है, मुझे पता है। मेक इन इंडिया का मतलब है भ्रष्टाचार के रास्ते बंद, तिजोरी भरने के रास्ते बंद। मेक इन इंडिया का मजाक उड़ाना देश की क्षमता का अपमान है। जो खुद निराश हैं, खुद असफल हो रहे हैं, वो देश के असफल होने की कामना करते हैं। देश का नौजवान उन लोगों के प्रति सतर्क हो रहा है।
-एजेंसियां

Dr. Bhanu Pratap Singh