मिशन शक्ति

मिशन शक्ति@5: यूपीसीडा के सीईओ मयूर माहेश्वरी ने महिलाओं को उनकी दक्षता का स्मरण कराया, सम्मानित कर मंच पर बैठाया, आशीष जैन ने कहा- हमारी फैक्टरियों में 50 फीसदी मातृ शक्ति काम करेगी

EXCLUSIVE
  • ईपीआईपी शास्त्रीपुरम में आयट्रिक कंपनी में महिला श्रमिकों को किया जागरूक
  • महिलाएं निर्भर होकर अपने काम पर आएं, कोई जरूरत हो तो जरूर बताएं
  • उद्यमियों का आह्वान किया कि ‘जो कमाएं वह समाज के लिए लगाएं’

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मयूर माहेश्वरी ने आह्वान किया है कि विकसित देशों की तरह हमारे यहां की महिलाएं भी आर्थिक कार्यक्रमों में भागीदारी करें। उन्होंने उद्यमियों का आह्वान किया कि ‘जो कमाएं वह समाज के लिए लगाएं।’

बड़ी संख्या में महिला श्रमिकों ने भाग लिया

श्री माहेश्वरी ईपीआईपी, शास्त्रीपुरम स्थित मशहूर शू निर्यातक कंपनी आयट्रिक इंडस्ट्रीज परिसर में उ.प्र. शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए  चलाए जा रहे मिशन शक्ति@5 कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम आयट्रिक, वॉन व्लैक्स जर्मनी और यूपीसीडी आगरा ने मिलकर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला श्रमिकों ने भाग लिया।

सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगवाए

श्री माहेश्वरी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए ईपीआईपी में लाइटिंग और सीसीटीवी लगाए गए हैं। कानून व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है। इसलिए महिलाएं निर्भर होकर काम पर आएं। कोई जरूरत है तो अवगत कराएं।

मयूर माहेश्वरी आईएएस
मिशन शक्ति कार्यक्रम को संबोधित करते यूपीसीडी के सीईओ मयूर माहेश्वरी। साथ में हैं  राजकुमार जैन, आशीष जैन, पूर्वा जैन, संदेश जैन और सम्मानित उद्यमी महिलााएं।

महिलाओं को प्रशिक्षित करें, घर पर काम दें

उन्होंने कहा कि महिलाओं की दक्षता, ऊर्जा और नजरिया अलग होता है। कंपनी ऐसे काम निकाले कि महिलाएं घर बैठे कर सकें। कलेक्शन सेंटर, स्किल ट्रेनिंग सेंटर के लिए यूपीसीडा के परिसर के उपयोग करें। महिलाओं को प्रशिक्षित कर दें तो घर पर ही काम कर सकती हैं। बच्चों के लिए क्रेच बना दें। तीन माह का सर्टिफिकेट या डिप्लोमा कोर्स चलाएं।

आगरा विकास मंच और पूर्वा जैन से अपेक्षा

श्री माहेश्वरी ने आगरा विकास मंच का नाम लेकर कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन चलाएं जिनमें महिलाओं से लाकर घर पर ही छोड़ा जाए। आयट्रिक कंपनी की निदेशक पूर्वा जैन का नाम लेकर कहा कि वे महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के निमित्त काम करें।

संगीता जैन
एक करोड़ का कारोबार करने वाली संगीता जैन। साथ में संदेश जैन।

महिलाओं को टाइमिंग में छूट

वॉन व्लैक्स जर्मनी के सीईओ आशीष जैन ने कहा कि हमने वॉर्न व्लैक्स की तीसरी यूनिट का 4 अक्टूबर को जेवर में शिलान्यास किया है। हम सभी यूनिट में महिला और पुरुषों की संख्या 50-50 प्रतिशत करेंगे। चीन जैसे देशों में कारखानों में कार्यरत श्रमिकों में आधी महिलाएं होती हैं। हमने आगरा में महिलाओं को टाइमिंग में छूट दी है। हमने ऐसे सेंटर बनाए हैं, जहां आकर महिलाएं काम करती हैं।

महिलाएं घर से बाहर निकलें

कंपनी के एमडी सुनील कुमार जैन ने आह्वान किया कि महिलाएं घर से बाहर निकलें तभी पुरुषों की तरह सम्मान पा सकेंगी। जब तक महिलाएं आगे नहीं आएंगी तब तक देश विकिसत नहीं हो सकता है। विदेश में हमने देखा है कि महिलाएं अपने काम के प्रति सतर्क रहती हैं। उन्होंने कहा कि आगरा विकास मंच के माध्यम से हम निःशुल्क आत्मनिर्भर प्रशिक्षण केंद्र चला रहे हैं, कंप्यूटर कोर्स भी करा रहे हैं और रोजगार दिला रहे हैं।

मिशन शक्ति मयूर माहेश्व
मिशन शक्ति अभियान में पल्लवी का सम्मान करते मयूर माहेश्वरी। साथ में अन्य मातृशक्ति।

महिलाओं को भी आगे आना होगा

कंपनी की निदेशक पूर्वा जैन ने बताया कि यूपी सरकार ने महिला सशक्तिकरण योजना चलाई है, जिसमें बालिकाओं के लिए बचत योजना भी शामिल है। छोटे उद्यमियों के लिए लोन भी दिया जा रहा है। आयट्रिक कंपनी में महिलाओं को लेकर उनके सशक्तिकरण का माध्यम बनना है। इसके लिए महिलाओं को भी आगे आना होगा।

मातृशक्ति के सहयोग के बिना देश विकसित नहीं हो सकता

कंपनी के चेयरमैन राजकुमार जैन ने कहा कि मातृशक्ति के सहयोग के बिना देश विकसित नहीं हो सकता है। केंद्र और राज्य सरकार मातृशक्ति के लिए बहुत काम कर रही है। इस मौके पर उन्होंने अपनी मां का स्मरण करते हुए कहा कि 38 साल की उम्र में घर से बाहर निकलकर काम किया और हम तीन भाइयों का पालन किया। आज तो स्थितियां बहुत अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि श्री माहेश्वरी ने जो सुझाव दिए हैं, उन्हें लागू किया जाएगा।

मिशन शक्ति आगरा
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाएं।

ईपीआईपी में क्या काम कराए

अवगक कराया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप यूपीसीडा द्वारा प्रेरणा कैंटीन का संचालन, प्रशासनिक भवन, ईपीआईपी, आगरा में किया गया है, जिसका लाभ औद्योगिक क्षेत्र में आनें वाले आगन्तुकों तथा इकाईयों में कार्य कर रहे मजदूरों को मिल रहा है। उद्यमियों द्वारा कैच, पिक एण्ड ड्रॉप फेसिलिटी उपलब्ध करायी जा रही है। उद्योगपतियों हेतु स्ट्रीट लाईट, हाई मास्क एवं उद्यमियों द्वारा फैक्ट्रियों में सी.सी.टी.वी. लगवाये गये हैं। कम्पनियों में कार्यरत महिलाओं हेतु महिला सुलभ शौचालय उपलब्ध है।

 

एक करोड़ का कारोबार करने वाली संगीता जैन समेत 4 महिलाओं का सम्मान

श्री माहेश्वरी ने कंप्यूटर शिक्षक पल्लवी, बुनाई कार्य सिखाने के लिए मीना, ग्राफिक डिजाइनर अंशु जैन, प्रशासनिक भवन, ईपीआईपी, आगरा में प्रेरणा कैंटीन चला रहीं अंजू  और घर से कार्य कर एक करोड़ का कारोबार करने वाली संगीता जैन (पत्नी संदेश जैन) को सम्मानित किया। संगीता जैन ने स्कूल ड्रेस का काम शुरू किया था। वे 100 लोगों को रोजगार प्रदान कर रही हैं। साथ ही घर की देखभाल भी करती हैं। इसके लिए उन्होंने ससुरालीजनों का आभार प्रकट किया। श्री माहेश्वरी ने सम्मानित महिलाओं को मंच पर बैठाया।

मिशन शक्ति
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाएं।

बरारा गांव में महिलाओं का हालत खराब

इस मौके पर श्रमिक संजू ने आग्रह किया कि हमें घर के लिए काम मिल जाए। किशोर एक्सपोर्ट्स में कार्यरत श्रमिक ने कहा कि बरारा गांव की महिलाओं की हालत बहुत खराब है, उन्हें काम दिया जाए।

उल्लेखनीय उपस्थिति

कार्यक्रम में प्रधान महाप्रबन्धक, यूपीसीडा, राजीव त्यागी, क्षेत्रीय प्रबन्धक, यूपीसीडा, सीके मौर्य तथा वरिष्ठ प्रबन्धक (सिविल) श्यौदान सिंह, उद्यमीगण, गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संदेश जैन ने किया। आगरा विकास मंच की ओर से सुशील जैन ने श्री माहेश्वरी को स्वागत किया।

 

Dr. Bhanu Pratap Singh