बरसाना के आजनौख गांव में अक्षय पात्र फाउंडेशन की पहली सामुदायिक एवं 67वीं केन्द्रीयकृत रसोईघर का उद्घाटन
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देगा अक्षय पात्र का सामुदायिक रसोई घर: हेमा मालिनी जी
Live Story Time
Barsana, Mathura, Uttar Pradesh, India. सतत विकास के लक्ष्यों को बढ़ावा देने वाली संस्था अक्षय पात्र फाउंडेशन की पहली सामुदायिक एवं 67वीं केन्द्रीयकृत रसोई घर का उद्घाटन रविवार को बरसाना क्षेत्र के आजनौख ग्राम में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मथुरा की सांसद और प्रसिद्ध अभनेत्री हेमा मलिनी ने कहा कि अक्षय पात्र के माध्यम से महिलाओं द्वारा संचालित यह प्रकल्प महिला सशक्तिकरण के नवीन कीर्तमान स्थापित करेगा। उन्होंने अक्षय पात्र में भोजन बनाया और परोसा भी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मथुरा की सांसद श्रीमती हेमा मलिनी, ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, दैनिक भास्कर के प्रमुख संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ साहित्यकार प्रदीप पंडित, अक्षय पात्र के उपाध्यक्ष चंचलापति दास एवं अक्षय पात्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और ट्रस्टी भरतर्षभ दास के द्वारा श्री श्री राधा वृन्दावन चंद्र के समक्ष द्वीप प्रज्जवलित कर किया गया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि अक्षय पात्र सम्पूर्ण भारत में अपने सेवा कार्यों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कार्यक्रम में आए सभी गणमान्य व्यक्तियों से अनुरोध किया कि वह अक्षय पात्र के साथ जुड़कर समाज को नई दिशा प्रदान करने में अपना योगदान दें।

संस्था के उपाध्यक्ष चंचलापति दास ने कहा कि अक्षय पात्र द्वारा निर्मित 67वीं केन्द्रीयकृत रसोई महिलाओं द्वारा पूर्णरूपेण संचालित की जाने वाली प्रथम रसोई है। रसोई में भोजन को पकाने में स्थानीय समुदाय की महिलाओं की सक्रिय भागिदारी होगी। संस्था द्वारा इस रसोई से 50 गाँवों के 97 परिषदीय विद्यालयों के 10,000 छात्रों तक गरमागरम एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ट्रस्टी भरतर्षभ दास ने बताया कि इस रसोई के साथ ही बरसाना में एक सामुदायिक भवन का भी निर्माण किया जा रहा है। इस सामुदायिक भवन का प्रयोग स्टाफ और आसपास के समुदायों के लिए प्रशिक्षण सत्रों के आयोजनों के लिए किया जायेगा। अक्षय पात्र के इस नए रसोईघर में दूषित जल के उपचार हेतु एटीपी का निर्माण कराया गया है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए संस्था के द्वारा विद्युत चलित वाहनों का उपयोग किया जाएगा। इन वाहनों का उपयोग स्थानीय किसानों से कच्चा माल लेने और विभिन्न समुदायों तक अपने कार्यक्रमों को पहुंचाने में भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह, आरपी सिंह, बरसाना पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष मुदिता शर्मा, भाजपा के महामंत्री प्रेम श्रोत्रिय, पदम सिंह फौजी, अक्षय पात्र के ऑपरेशन हेड सुरेश्वर दास, गोविन्द दत्त दास, हंसिका सिंह, निधि सिंह सहित नजदीक के सभी गाँवों के प्रधान एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
- ‘सेवा तीर्थ’ और ‘कर्तव्य भवन’ का उद्घाटन: पीएम मोदी बोले— “ये परिसर महाराजाओं की नहीं, 140 करोड़ भारतीयों की सोच का आधार हैं” - February 13, 2026
- ‘सेवा तीर्थ’ नामकरण पर संजय सिंह का तीखा प्रहार— अगली बार लोग नारियल और अगरबत्ती लेकर आएंगे… - February 13, 2026
- विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने सदन में उठाई आगरा की मांग— ‘यमुना पर बैराज और शहर में चाहिए इंटरनेशनल स्टेडियम’ - February 13, 2026