जीआईसी मैदान पर हुआ भूमिपूजन के बाद भाजपा नेताओं की प्रेसवार्ता
पिछले 9 वर्षों में सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं: एसपी सिंह बघेल
2024 में जनता मौकापरस्तों को एक बार फिर सबक सिखाएगीः योगेंद्र उपाध्याय
राजनाथ सिंह कार्यकर्ताओं और जनता के बीच लोकप्रिय नेताः भानु महाजन
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India. केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकाल के 9 वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी द्वारा आयोजित महासंपर्क अभियान के अंतर्गत केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा 25 जून, 2023 को आगरा में होगी। फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र में किदवई इंटर कॉलेज, कागारौल आगरा में सुबह 11 बजे और जीआईसी मैदान, पंचकुइयां, आगरा में दोपहर 3 बजे आगरा लोकसभा की जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भी जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन के नेतृत्व में जनसभा के लिए जीआईसी ग्राउंड पर भूमि पूजन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आचार्यों ने यज्ञ में आहुति दिलवाकर भूमि पूजन संपन्न कराया। भूमि पूजन समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक डॉक्टर जी एस धर्मेश , अशफाक सैफी, निर्मला दीक्षित ने यज्ञ में आहुति देकर जनसभा को निर्विघ्न संपन्न कराने की भगवान गणेश से प्रार्थना की।

भूमि पूजन के उपरांत कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा आजादी के बाद पहली बार पिछले 9 वर्षों मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। उन्होंने कहा पिछली सरकारों में हर रोज घोटाले का समाचार सुनने को मिलता था। उन्होंने कहा विपक्ष सत्ता के लिए दिन में सपने देख रहा है लेकिन 2024 में जनता एक बार फिर से मौकापरस्त लोगों को सबक सिखाने का काम करेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा विपक्ष को जनता पिछले कई चुनाव में नकार चुकी है फिर चाहे लोकसभा चुनाव हो विधानसभा चुनाव हो या फिर नगर निकाय चुनाव। 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार केंद्र में बनेगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा समझौता और इस तरह के गठबंधन सिर्फ डरे हुए लोग करते हैं। विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से डरा हुआ है। जनता के बीच में जाने की हिम्मत नहीं है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने कहा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यकर्ताओं और जनता के लोकप्रिय जन नेता हैं उन्होंने उत्तर प्रदेश में संगठन और सरकार का नेतृत्व किया है । आज देश की रक्षा की कमान उनके हाथों में है। जीआईसी ग्राउंड की सभा ऐतिहासिक होगी हजारों की तादाद में कार्यकर्ता जनसभा को सुनने आएंगे।
इनकी रही मौजूदगी
जीआईसी मैदान पर आयोजित भूमि पूजन समारोह में हेमेंद्र शर्मा, टी एन अग्रवाल , नागेंद्र दुबे गामा, डॉ, यादवेंद्र शर्मा, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, नवीन गौतम, गौरव शर्मा, वीरेंद्र श्रीवास्तव, डॉ. अलौकिक उपाध्याय, डॉ. अवधेश रावत, ललित चतुर्वेदी, सुनील करमचंदानी, रोहित कत्याल, संजय अरोड़ा, मनवीर चौहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला प्रवक्ता राजकुमार पथिक ने बताया कि फतेहपुरसीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुश्वावह, सभी विधायकों ने सभी से कागारौल की जनसभा में शामिल होने की अपील की है।
- भोजपुरी-कजरी की सुरमयी शाम में संयुक्त निदेशक अभियोजन आगरा राजेश कुमार यादव को भावभीनी विदाई, घनश्याम गुप्ता को प्रभार - February 4, 2026
- आगरा पर ‘कोल्ड अटैक’: ओस की फुहारों और घने कोहरे ने बढ़ाई गलन, 4 साल का रिकॉर्ड टूटा, अगले दो दिन बारिश के आसार - February 4, 2026
- आगरा में हाई-प्रोफाइल ‘सोसाइटी वॉर’: पूर्व राज्य मंत्री नितिन गुप्ता और पत्नी समेत 10 पर केस, महिला से मारपीट का आरोप - February 4, 2026