अयोध्या में भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज गति से जा रही बस के पलटने से तीन यात्रियों की मौत हो गई है। बस दिल्ली से बस्ती, सिद्धार्थनगर जा रही थी। इस हादसे में 30 से अधिक यात्रियों के घायल होने की जानकारी मिल रही है। अयोध्या हाइवे पर यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। उस समय बस की रफ्तार काफी ज्यादा थी। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस वहां पहुंची। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घटनास्थल पर रवाना कर दिया है।
सीएम योगी ने अयोध्या जनपद में बस पलटने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने इस दुर्घटना में मारे गए लोगों का लेकर गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के लिए प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है। दुर्घटना में घायलों की स्थिति खराब बताई जा रही है। ऐसे में मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। इसको लेकर घायलों को तत्काल उचित मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
10 यात्रियों की स्थिति गंभीर
अयोध्या बस हादसे में घायल 10 यात्रियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। डीएम नीतीश कुमार मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया है। डीएम ने सभी घायलों का समुचित इलाज कराए जाने की बात कही है। बस दुर्घटना को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। एनएच 27 पर ओवरटेक करने के चक्कर में बस साइड वॉल से टकराई और पलट गई। अधिकारी पूरी घटना की जांच में जुट गए हैं।
-एजेंसियां
- यूपी-बिहार में खौफ का पर्याय ‘ललन सिंह’ ढेर: STF के साथ मुठभेड़ में मारा गया 1.25 लाख का इनामी - June 22, 2026
- राम मंदिर ट्रस्ट पर कांग्रेस का बड़ा हमला: ‘आस्था के नाम पर चुप्पी क्यों?’, भाजपा से माँगा जवाब - June 22, 2026
- गोरखपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी; भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की निर्मम हत्या, नाबालिग आरोपी हिरासत में - June 22, 2026