रियल एस्टेट दिग्गज हीरानंदानी समूह के लगभग दो दर्जन परिसरों पर आयकर विभाग ने छापा मारा है। आयकर विभाग की मुंबई जांच शाखा ने संदिग्ध कर चोरी को लेकर हीरानंदानी समूह के मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई स्थित करीब 24 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। सूत्रों ने बताया कि एजेंसी मुंबई स्थित रियल एस्टेट प्रमुख की विदेशी संपत्ति और एक ट्रस्ट में अघोषित निवेश की जांच कर रही है। फिलहाल यह रेड जारी है।
दरअसल, आयकर विभाग की कई टीमों ने मंगलवार सुबह हीरानंदानी ग्रुप के कुल 24 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। इन ठिकानों में हीरानंदानी समूह से जुड़े लोगों के घर और दफ्तर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह छापेमारी हीरानंदानी भाइयों और फाउंडर के घरों पर भी हो रही है। सूत्रों ने बताया की छापेमारी जहां चल रही है उनमें निरंजन हीरानंदानी और सुरेंद्र हीरानंदानी के घर भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक छापेमारी में हीरानंदानी समूह के विदेशी ऐसेट्स को लेकर भी जांच चल रही है। निरंजन और सुरेंद्र हीरानंदानी पर आरोप है कि उन्होंने विदेश में स्थित एक ट्रस्ट में निवेश की जानकारी छुपाई है। फिलहाल पूरे मामले पर हीरानंदानी समूह के प्रवक्ता ने छापेमारी पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। यह भी बताया जा रहा है कि यह छापा अगले दिन तक जारी रह सकता है।
आयकर अधिकारियों ने मुंबई में समूह के बिक्री कार्यालय की भी तलाशी ली। तलाशी दलों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान भी थे। फिलहाल केंद्रीय एजेंसी ने चल रही कार्रवाई के ब्योरे का अभी खुलासा नहीं किया है क्योंकि विभाग के अधिकारी रियल एस्टेट समूह की वित्तीय खातों की जांच कर रहे हैं। एक आयकर अधिकारी ने कहा कि छापेमारी बुधवार को भी जारी रहने की संभावना है।
-एजेंसियां
- लोकसभा में गूंजी ब्रज की आवाज: सांसद राजकुमार चाहर ने उठाई ‘स्पेशल पैकेज’ की मांग, TTZ बाधाओं पर जताई चिंता - March 12, 2026
- आगरा स्कूल बस हादसा: मासूम नैना की मौत के बाद एक्शन में प्रशासन, स्कूल की मान्यता रद्द करने की संस्तुति, जर्जर बस में सीढ़ी की जगह लगी थी लकड़ी की तख्ती - March 12, 2026
- आगरा में ‘फाइनेंस माफिया’ का नंगा नाच: बीमार मां को अस्पताल ले जा रहे युवक की बीच सड़क छीनी बाइक, बोले- थाने को 50 हजार महीना देते हैं… - March 12, 2026