​यूपी के कुशीनगर में ट्रेलर और कार की भीषण टक्कर: प्रधान प्रतिनिधि समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल; सीएम योगी ने प्रकट किया गहरा शोक

REGIONAL

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद में रविवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां ईको कार और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर के बीच हुई भीषण सीधी भिड़ंत में 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों में भलुही गांव के प्रधान प्रतिनिधि, उनके पिता और भाई समेत पांच लोग एक ही परिवार व पास-पड़ोस के बताए जा रहे हैं। यह भयावह हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप रात करीब 12 बजे घटित हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार के पूरी तरह से पखच्चे उड़ गए।

​मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोग कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के निवासी थे। ये सभी लोग देवराज पिपरा गांव में आयोजित एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात जब वे ईको कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी हाटा कोतवाली क्षेत्र के पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर से उनकी सीधी टक्कर हो गई।

6 लोगों ने मौके पर ही तोड़ा दम, दो किशोर गोरखपुर रेफर

​हादसे के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कार के क्षतिग्रस्त हिस्से में बुरी तरह फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक 6 लोग दम तोड़ चुके थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो किशोरों आयुष (12 वर्ष) और आर्यन (17 वर्ष) को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पहले मेडिकल कॉलेज और फिर गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।

​हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भलुही गांव के प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (45), उनके पिता रामबेलास (65), उनके भाई राम मिलन (35), मृदुल मिश्रा (37), रंजय गुप्ता (35) और मिथलेश गुप्ता (22) के रूप में हुई है। एक ही गांव के छह लोगों की अकाल मृत्यु की खबर फैलते ही पूरे इलाके और भलुही गांव में कोहराम मच गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया गहरा दुख

​इस दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (Yogi Adityanath Office) की ओर से जारी बयान में कहा गया ​”मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज ने जनपद कुशीनगर में एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। महाराज जी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने हेतु निर्देशित किया है। महाराज जी ने प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।”

पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Dr. Bhanu Pratap Singh