वाराणसी में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो खड़ी कर सेल्फी ले रहे युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, चार की मौत, चार गंभीर

REGIONAL

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और वीभत्स सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर विंध्याचल (मिर्जापुर) से माता के दर्शन कर लौट रहे दोस्तों की स्कॉर्पियो कार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में चार दर्शनार्थियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।

​सेल्फी लेने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले निखिल यादव उर्फ गोलू (32) अपने सात अन्य दोस्तों के साथ रविवार की रात स्कॉर्पियो से विंध्याचल मां के दर्शन के लिए गए थे। दर्शन संपन्न करने के बाद सोमवार सुबह सभी लोग वापस वाराणसी लौट रहे थे।

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर स्थित नेशनल हाईवे पर ओवरब्रिज के पास किसी कारणवश उन्होंने स्कॉर्पियो रोकी और गाड़ी से बाहर निकलकर खड़े हो गए। इसी दौरान प्रयागराज की तरफ से आ रही सेब लदी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के पास खड़े किशन और आनंद लगभग 10 फीट हवा में उछलकर ओवरब्रिज से नीचे सर्विस लेन पर जा गिरे।

​चार की मौके पर मौत, घायलों का इलाज जारी

​इस दर्दनाक हादसे में आनंद यादव (26), प्रदीप सिंह (35), आलोक मिश्रा (27) और विध्वंश यादव (30) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, निखिल यादव, किशन यादव, सावन यादव और राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना पुलिस मौके पर पहुँची और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रामा सेंटर भिजवाया। ट्रामा सेंटर में घायल किशन की हालत बेहद नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एसजीपीजीआई (PGI) रेफर कर दिया है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने ट्रक और उसके परिचालक (क्लीनर) को हिरासत में ले लिया है। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh