Agra News: ‘मिशन शक्ति’ से टूटी दो साल की खामोशी; शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Crime

आगरा: उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी महिला सुरक्षा अभियान ‘मिशन शक्ति’ ने किस तरह पीड़िताओं की आवाज बनकर उनकी चुप्पी तोड़ी है, इसका एक बड़ा उदाहरण ताजनगरी के थाना लोहामंडी क्षेत्र से सामने आया है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने, उसकी अश्लील तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल करने तथा विरोध करने पर पीड़िता व उसकी बहनों पर फब्तियां कसवाने के आरोपी जाकिर उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता का आरोप है कि वह पिछले करीब दो साल से इस मानसिक प्रताड़ना को झेल रही थी, लेकिन ‘मिशन शक्ति’ अभियान से जागरूक होने के बाद उसने आखिरकार हिम्मत जुटाई और पुलिस से संपर्क कर न्याय की गुहार लगाई।

​दो साल से चल रही थी प्रताड़ना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना लोहामंडी क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी जाकिर उर्फ बाबू ने उससे शादी का झूठा वादा किया और इसके जाल में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने उसकी कुछ अश्लील तस्वीरें खींच लीं, जिन्हें स्थानीय युवकों को दिखाने और वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा।

​पीड़िता का कहना है कि इस वजह से उसे भारी मानसिक तनाव और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। स्थिति तब और बदतर हो गई जब आरोपी के हरकतों के चलते पीड़िता और उसकी बहनों को घर से बाहर निकलने पर स्थानीय शोहदों द्वारा फब्तियां कसने और अपमानित किए जाने जैसी परेशानियों से जूझना पड़ा। लगातार मिल रही धमकियों और उत्पीड़न से घुटने के बजाय युवती ने इस बार चुप्पी तोड़ने का फैसला किया।

‘मिशन शक्ति’ से मिली शिकायत करने की प्रेरणा

​युवती को महिलाओं की सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे शासन के ‘मिशन शक्ति’ अभियान के बारे में जानकारी मिली। इस अभियान से प्रेरित होकर उसने अपनी डर की दीवार को तोड़ा और सीधे पुलिस थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लोहामंडी पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच का दायरा बढ़ाया।

​देर रात पुलिस ने दबोचा आरोपी

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने दबिश देकर देर रात मुख्य आरोपी जाकिर उर्फ बाबू को धर दबोचा।

​एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को न्यायालय में पेश करने के साथ-साथ पुलिस रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों की गहराई से जांच की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और महिला सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh