आगरा के कालिंदी विहार में तेज रफ्तार डीसीएम का कहर: सड़क किनारे पैदल जा रही चार युवतियों को रौंदा, एक की दर्दनाक मौत

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के ट्रांस यमुना क्षेत्र स्थित कालिंदी विहार में शुक्रवार की रात एक तेज रफ्तार डीसीएम (DCM) ने सड़क किनारे पैदल जा रहीं चार युवतियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में 22 वर्षीय खुशबू जुरैल की मौत हो गई, जबकि उसकी छोटी बहन भूमि और पड़ोसी युवती शिखा कुशवाह गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह दर्दनाक घटना उस वक्त घटी जब ये सभी युवतियां अपनी सहेली निशा चौधरी को उसके घर सुरक्षित छोड़ने के लिए पैदल जा रही थीं। इस दिल दहला देने वाला पूरा घटनाक्रम पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया है।

सहेली को छोड़ने निकली थीं, रास्ते में काल बनकर आई डीसीएम

​पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे कालिंदी विहार के एच ब्लॉक स्थित कैलादेवी मंदिर के सामने यह दुर्घटना हुई। खुशबू जुरैल (22), उसकी छोटी बहन भूमि (18), पड़ोसी शिखा कुशवाह और उनकी सहेली निशा चौधरी (20, निवासी गोविंद कॉलोनी) एक साथ पैदल जा रही थीं। वे सब निशा को उसके घर तक छोड़ने जा रही थीं। उन्हें तनिक भी आभास नहीं था कि कुछ ही पलों में यह सामान्य सी चहलकदमी एक परिवार के लिए जिंदगी भर का कभी न भरने वाला जख्म बन जाएगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान पीछे से तेज गति में आई एक बेकाबू डीसीएम ने चारों युवतियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खुशबू डीसीएम के पहियों के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई, जबकि अन्य युवतियां सड़क पर दूर जा गिरीं। इसके बाद डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे एक अन्य वाहन से जा टकराई। इस भयानक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।

​अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, दो की हालत गंभीर

​हादसे में सबसे गंभीर स्थिति खुशबू की थी, जो डीसीएम के नीचे फंस गई थी। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत बेहद नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे अन्यत्र रेफर कर दिया, लेकिन बेहतर इलाज के लिए ले जाते वक्त रास्ते में ही खुशबू ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की मनहूस खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

​वहीं, हादसे में घायल हुई भूमि और शिखा को भी तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। इस पूरी दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार डीसीएम द्वारा युवतियों को टक्कर मारने और आगे टकराने का खौफनाक मंजर साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।

​चालक हिरासत में, पुलिस कर रही पड़ताल

​घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद आक्रोशित राहगीरों व स्थानीय लोगों ने डीसीएम चालक को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटना के तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है। एक हंसता-खेलता परिवार इस लापरवाही का शिकार हो गया, जहां सहेली को छोड़ने निकली बेटी की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh