राहुल गांधी आप प्रधानमंत्री बनने जा रहे हो…भाजपा सांसद रवि किशन की फिसली जुबान; बाद में बात संभालते हुए कसा तंज

POLITICS

नई दिल्ली: देश भर में चुनाव आयोग (Election Commission) के खिलाफ ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के बीच भारतीय जनता पार्टी के सांसद और अभिनेता रवि किशन के एक बयान ने सियासी और सोशल मीडिया के गलियारों में हलचल मचा दी है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा सांसद की अचानक जुबान फिसल गई और उनके मुंह से निकल गया कि “राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।” हालांकि, अपनी इस बड़ी गलती का अहसास होते ही उन्होंने तुरंत खुद को संभाला और तंजिया अंदाज में अपनी बात को सुधारा।

कार्यकर्ताओं को कोहनी मारने वाले वीडियो पर घेरा

दरअसल, मीडिया से बातचीत के दौरान रवि किशन राहुल गांधी के एक कथित वायरल वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें राहुल गांधी अपने ही कार्यकर्ताओं को पीछे हटाते और कोहनी मारते हुए दिखाई दे रहे थे। इस पर तंज कसते हुए रवि किशन ने कहा कि यह कितना दुखद दृश्य है कि वे अपने ही कार्यकर्ताओं के साथ ऐसा व्यवहार कर रहे हैं।
​इसी दौरान रवि किशन की जुबान फिसल गई और वे बोल पड़े “अभी से आप अपने कार्यकर्ताओं को कोहनी मार रहे हैं तो जब आप… राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।”

​तुरंत सुधारी बात, 2047 का जिक्र कर कसा तंज

जैसे ही उनके मुंह से निकला कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, उन्हें तुरंत अपनी भूल का अहसास हुआ। उन्होंने बिना देर किए अपनी बात को संभालते हुए कहा कि “अगर वे 2047 के बाद कभी गलती से प्रधानमंत्री बनते हैं, तो सोचिए जनता के साथ कैसा व्यवहार करेंगे? जो अभी से अपने कार्यकर्ताओं को पीछे धकेल रहे हैं!”

सोशल मीडिया पर वायरल हुई क्लिप, विपक्ष ने ली चुटकी

रवि किशन के इस ‘स्लिप ऑफ टंग’ (Slip of Tongue) का वीडियो सोशल मीडिया पर देखते ही देखते तेजी से वायरल हो गया। विपक्षी नेताओं और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए मजे लेने शुरू कर दिए कि अनजाने में ही सही, लेकिन भाजपा सांसद ने भी राहुल गांधी को देश का भावी प्रधानमंत्री स्वीकार कर लिया है।

दूसरी ओर, रवि किशन और भाजपा नेताओं का कहना है कि उन्होंने चुनाव आयोग पर राहुल गांधी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है और यह बयान केवल राहुल गांधी के अलोकतांत्रिक व्यवहार पर किया गया एक तीखा प्रहार था।

Dr. Bhanu Pratap Singh