आजमगढ़ में पूजा के दौरान ट्रिपल मर्डर से सनसनी: पहचान पत्र मांगने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने पत्नी और दो पंडितों को मारी गोली, कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी गिरफ्तार

Crime

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में पूजा के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बाजार से घर पहुंचे अरविंद सिंह ने पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिसमें उसकी पत्नी बबीता और दो पंडितों की मौत हो गई।

क्या है पूरी वारदात?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अरविंद सिंह के घर में मंगलवार शाम पूजा चल रही थी। घर में चार पंडित, अरविंद की पत्नी बबीता, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे। शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर पहुंचा और पूजा होते देख पंडितों से सवाल-जवाब करने लगा। इसके बाद उसने उनसे आधार कार्ड मांगना शुरू कर दिया। आधार कार्ड मांगने को लेकर अरविंद और पंडितों के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान अरविंद ने घर में रखी पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता के साथ पंडित महेंद्र पाठक और एक अन्य पंडित की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में राइफल से भी एक गोली चलाए जाने की बात सामने आ रही है।

पूजा के आयोजन को लेकर था विरोध

बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले अरविंद के भाई गुड्डू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद भाई की आत्मा की शांति के लिए परिवार में नारायणी बली पूजा कराने की बात चल रही थी। कहा जा रहा है कि अरविंद इस पूजा के खिलाफ था और उसने पत्नी तथा मां से पूजा न कराने को कहा था। इसके बावजूद घर पर पूजा रखी गई, जो पिछले दो दिनों से चल रही थी। घटना के समय अरविंद घर पर नहीं था।

बच्चों के साथ घर के अंदर बंद है आरोपी

तीन हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बच्चों के साथ कमरे में बंद कर लिया था । पुलिस की टीमें लगातार उससे बातचीत के जरिए बाहर निकालने की कोशिश में जुटी थीं । स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने सावधानी से कार्रवाई की । फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पानी की बौछार का इस्तेमाल कर गेट तोड़ा और आरोपी समेत तीनों बच्चों को सकुशल घर से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी और उसके तीनों बच्चों को अस्पताल लेकर गई । बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें पुलिस की निगरानी में अस्पताल ले जाया गया है।

तीनों बच्चे सकुशल बाहर निकाले गए

घर के अंदर आरोपी के साथ तीन बच्चे मौजूद थे । शुरुआती जानकारी के अनुसार इनमें करीब 10 साल और 7 साल के दो बच्चे तथा करीब 6 महीने का एक बच्चा शामिल था। पुलिस की कार्रवाई के बाद तीनों बच्चों को सुरक्षित घर से बाहर निकाल लिया गया । आरोपी को भी पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है । घर से बरामद उसके लाइसेंसी असलहे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी । शुरुआती जानकारी में सामने आया कि एक शख्स ने अपनी पत्नी और दो अन्य लोगों को लाइसेंसी पिस्तल से गोली मारी. इस घटना में तीनों की मौत हो गई । आरोपी के बच्चों के साथ खुद को कमरे में बंद करने की सूचना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, फील्ड यूनिट, एसओजी और अन्य टीमों को मौके पर लगाया गया था । पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थी और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बातचीत के जरिए आरोपी को समझाने का प्रयास किया जा रहा था । अब आरोपी और तीनों बच्चों को घर से बाहर निकाल लिया गया है । पुलिस ने लाइसेंसी असलहे अपने कब्जे में ले लिए हैं और आरोपी तथा उसके बच्चों को अस्पताल ले जाया गया है ।

घटनास्थल से पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी थी । पुलिस टीम ने हथियार और फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं । मामले की जांच की जा रही है । फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है । फायरिंग की वजह क्या थी और तीनों लोगों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पूरी तस्वीर जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी । फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है ।

Dr. Bhanu Pratap Singh