दिल्ली में रविवार सुबह भी घना कोहरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित उत्तर पश्चिमी भारत में अगले तीन दिनों तक कोहरा छाया रहेगा। IMD के अनुसार कोहरे के अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में ठंड से लेकर भीषण ठंड की स्थिति बने रहने की संभावना है।
गौरतलब है कि देश के करीब 16% जिले और 24% आबादी शीतलहर के भारी खतरे में रहती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 मौसमी घटनाओं पर रिसर्च के बाद यह जानकारी दी है। क्लाइमेट हजार्ड्स एंड वल्नेरेबिलिटी एटलस के अनुसार शीतलहर के खतरे वाले सबसे ज्यादा जिले उत्तर प्रदेश (75) में हैं। राजस्थान के 17 जिलों, बिहार के 14 जिलों, झारखंड और पंजाब के एक-एक जिले पर शीतलहर का खतरा रहता है।
IMD के एटलस के अनुसार ज्यादातर आबादी को खतरा सूखे, शीतलहर और आंधियों जैसी मौसमी घटनाओं से है। उधर, घने कोहरे की वजह से पिछले कुछ दिनों में दिल्ली के भीतर उड़ानों पर असर पड़ा है। शनिवार को इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर 50 से ज्यादा उड़ानें लेट हुईं।
किन 13 मौसमी घटनाओं से सबसे ज्यादा खतरा?
IMD की क्लाइमेट रिसर्च डिवीजन के प्रमुख पुलक गुहा ठकुराता के अनुसार 13 मौसम घटनाओं से आबादी को खतरा हैं। ये हैं – शीतलहर, लू, बाढ़, बिजली, बर्फबारी, धूल भरी आंधी, ओलावृष्टि, गरज, कोहरा, तेज हवाएं, अत्यधिक वर्षा, सूखा और चक्रवात।
उन्होंने कहा कि दिसंबर में दिल्ली के ज्यादातर जिले और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में घना कोहरा पड़ता है। जनवरी में दिल्ली के ज्यादातर जिले, यूपी और त्रिपुरा के कई जिलों, हरियाणा के कुछ जिले, पश्चिम बंगाल और मणिपुर कोहरे से सबसे ज्यादा प्रभावित रहते हैं।
मौसम विभाग ने आगे बताया कि एक और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में, 8-9 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मध्यम वर्षा या बर्फबारी होने की संभावना है और इसी दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के उत्तरी हिस्सों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
-एजेंसियां
- 30 जून को एत्मादपुर में होगा लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की प्रतिमा का स्थापना समारोह, सीएम योगी और लोकसभा अध्यक्ष करेंगे शिरकत - June 17, 2026
- आगरा: एमजी रोड पर मजार का शांतिपूर्ण स्थानांतरण, एमएलसी विजय शिवहरे ने पुलिस कमिश्नर की दूरदर्शिता को सराहा - June 17, 2026
- Agra News: अखिल भारतीय महिला परिषद ने फूंका पर्यावरण जागरूकता का बिगुल, महिलाओं और बच्चों को सिखाए प्रकृति संरक्षण के गुर - June 17, 2026