आगरा। आगरा के कमला नगर क्षेत्र से भाजपा पार्षद के खिलाफ एक महिला द्वारा गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। कपड़ा मंदिर के सामने, बल्केश्वर निवासी ममता शर्मा, जो भाजपा से जुड़ी हुई हैं, ने वार्ड संख्या 84 के भाजपा पार्षद हरिओम गोयल उर्फ बाबा के खिलाफ कमला नगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि पार्षद उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है, वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है और राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर उन्हें व उनके परिवार को भयभीत करने का प्रयास कर रहा है। महिला ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई तथा साइबर अपराध के तहत जांच की मांग की है। इसके साथ ही ममता शर्मा ने एक वीडियो वायरल कर परिवार समेत आत्महत्या की बात भी कही है।
ममता शर्मा ने अपनी समस्या को लेकर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात की थी। पुलिस आयुक्त के आदेश पर ही 17 जुलाई को थाना कमला नगर में उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। दर्ज रिपोर्ट में ममता शर्मा ने कहा है कि भाजपा पार्षद हरिओम गोयल उर्फ बाबा पिछले कुछ समय से उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। पार्षद ने एक पत्रकार से फोन पर कथित तौर पर कहा कि उसके पास ममता शर्मा की एक वीडियो है, जिसे वह वायरल कर देगा। इसके अलावा वह अन्य लोगों के सामने भी यह कह रहा है कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो इसका अंजाम बहुत बुरा होगा।
महिला का कहना है कि यदि वास्तव में आरोपी के पास उनकी कोई फोटो, वीडियो अथवा अन्य सामग्री है और उसे सार्वजनिक करने या वायरल करने की धमकी दी जा रही है, तो यह ब्लैकमेल, आपराधिक धमकी और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास है। वहीं यदि ऐसी कोई सामग्री उसके पास नहीं है, तब भी झूठी बातें फैलाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की जा रही है।
शिकायत में ममता शर्मा ने आरोप लगाया है कि हरिओम गोयल उर्फ बाबा प्रभावशाली और दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है तथा अपने राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए उन्हें डराने और दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें, उनके पति और बच्चों को अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका बनी हुई है।
ममता शर्मा ने कहा कि वे इतनी परेशान हो चुकी हैं कि परिवार के साथ आत्महत्या कर लेंगी। उन्होंने कहा कि आज मुझे मेरे पति और बच्चे भी सवाल करते हैं। उनके परिवार की शांति भंग हो गई है।
महिला ने पुलिस से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हरिओम गोयल उर्फ बाबा के विरुद्ध प्रथम दृष्टया पाए जाने वाले अपराधों में विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही वीडियो वायरल करने की कथित धमकी की साइबर अपराध के दृष्टिकोण से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि भविष्य में आरोपी की ओर से किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो उसके लिए उसे विधि अनुसार उत्तरदायी ठहराया जाए।
रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही ममता शर्मा का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पार्षद हरिओम गोयल उर्फ बाबा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ममता का कहना है कि दो दिन पहले बल्केश्वर मेले को लेकर बैठक हुई थी। पूर्व पार्षद विमल गुप्ता ने बाबा को फोन कर बैठक में आने को कहा तो बाबा ने कहा कि मैं नहीं आऊंगा, वहाँ ममता शर्मा होगी। मेरे आने पर अपना ब्लाउज फाड़कर पुलिस के पास पहुंच जाएगी। ममता ने कहा कि बाबा को इस तरह की बातें करने का अधिकार किसने दिया।
ममता शर्मा यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने बताया कि उनके पति बल्केश्वर में ही एक जगह पान खाने जाते हैं। हरिओम गोयल बाबा ने उनके पति को रोककर एक दिन कहा- शर्मा जी, अपनी पत्नी ममता को समझा लेना, मेरे पास उसके वीडियो हैं, मैं वायरल कर दूंगा। बकौल ममता, घर आकर उनके पति ने उनसे सवाल किए, जिससे घर में कलह हो गई। इसके बाद भी उन्हें रिपोर्ट दर्ज कराने का कदम उठाना पड़ा।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में अभी आरोपी पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पार्षद हरिओम गोयल उर्फ बाबा पहले भी कई विवादों में घिरे रहे हैं। उनके खिलाफ थाना हरीपर्वत, थाना सदर् आदि में कई मुकदमे दर्ज हैं। अपने खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पार्षद हरिओम गोयल बाबा ने एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने प्रशासन से कहा कि जिन लोगों ने मुझ पर मुकदमा लिखवाया है, उनकी हिस्ट्री चेक करा ली जाए कि इन लोगों ने क्षेत्र में कैसा आतंक मचा रखा है। ये लोग आम लोगों को मानसिक पीड़ा देते हैं, जिसके सबूत मेरे पास मौजूद हैं।
- आगरा में जीएसटी का बड़ा खेल: 2.23 करोड़ के बोगस ITC घोटाले का खुलासा, फर्जी फर्म बनाकर की करोड़ों की धोखाधड़ी - July 18, 2026
- Agra News: खैरागढ़ में जमीनी विवाद पर खूनी संघर्ष, दो भाइयों के परिवारों में चले लाठी-डंडे, कई घायल - July 18, 2026
- आगरा में भाजपा नेता के गंभीर आरोप, बोले— ‘माफियाओं के डर से गांव छोड़ने को मजबूर हैं लोग, मुझे और परिवार को मिल रही धमकियां’ - July 18, 2026