आगरा में खौफनाक वारदात: पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, डेढ़ महीने बाद फर्श खुदवाते ही निकला कंकाल

Crime

आगरा: शहर के सिकंदरा थाना अंतर्गत रेणुका धाम कॉलोनी में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे समाज और पारिवारिक रिश्तों की नींव को झकझोर दिया है। एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने पति की हत्या कर शव को घर के ही बाथरूम में दफन कर दिया और सबूत मिटाने के लिए वहां पक्का फर्श बनवा दिया। करीब डेढ़ महीने तक यह खौफनाक राज छिपा रहा, लेकिन शुक्रवार को महिला के एक फोन कॉल ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।

​क्या था पूरा मामला?

मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा (44), जो मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रंजीतनगर का निवासी था, अपनी पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियों के साथ सिकंदरा में रह रहा था। परिवार के अनुसार, सुरेंद्र कोई काम नहीं करता था और शराब का आदी था, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। 18 मई को रूबी ने अपने देवर अनिल शर्मा को फोन कर कहा कि पुलिस उनके घर दबिश देने आ रही है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं। अनिल परिवार को ले गए और अगले दिन रूबी ने बताया कि सुरेंद्र घर छोड़कर कहीं चला गया है और चार-पांच दिन में लौट आएगा।

साजिश और दिखावे का जाल

जब कई दिन बीत जाने पर भी सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला, तो 26 मई को रूबी, देवर अनिल के साथ पुलिस चौकी पहुंची और पति की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और रूबी के साथ मिलकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला।

परिवार के लोगों के मुताबिक, इस दौरान रूबी पूरी तरह सामान्य व्यवहार करती रही, लोगों के सामने रोती थी और चिंता जताती थी, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ।

बैंक खाते ने खोली शक की परतें

मामले में मोड़ तब आया जब देवर अनिल अपनी मां को भरतपुर ले गए और उनके बैंक खाते की जांच कराई। परिवार का आरोप है कि मां की पेंशन का पैसा रूबी ही निकालती थी और उन्हें बहुत कम रकम देती थी। इसी दौरान अनिल को कुछ बातें संदिग्ध लगीं।

​एक फोन कॉल और खुल गया राज

शुक्रवार सुबह रूबी ने खुद अनिल शर्मा को फोन कर घर बुलाया। जब अनिल ने फिर सुरेंद्र के बारे में पूछा, तो रूबी ने कथित रूप से कहा कि उसने सुरेंद्र को घर के बाथरूम में गाड़ दिया है। यह सुनते ही अनिल ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

​बाथरूम की खुदाई में मिला कंकाल

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का पक्का फर्श तुड़वाया। खुदाई के दौरान नीचे से इंसानी कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई और भारी भीड़ जमा हो गई।

​महिला के बयान और पुलिस की कार्रवाई

पुलिस हिरासत में महिला हत्या की बात स्वीकार नहीं कर रही है। उसका कहना है कि पति शराब पीकर मारपीट करता था और एक दिन उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। डर और बदनामी के कारण उसने शव को बाथरूम में दफना दिया।

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि महिला से लगातार पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट किया जाएगा और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh