आगरा। जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर रविवार को श्याम नाम के जयघोष और भक्तिमय भजनों से गूंज उठा। आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य श्याम अरदास संकीर्तन में देश के विभिन्न स्थानों से आए भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
दिल्ली से पधारे प्रसिद्ध भजन गायक प्रथम शर्मा की मनमोहक प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं अखंड ज्योति प्रज्वलन के साथ हुआ। संस्था अध्यक्ष अमन गर्ग ने बाबा श्याम की मंगल आरती कर संकीर्तन का शुभारंभ कराया तथा सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की।
संकीर्तन में भजन गायिका आरोही दीक्षित ने “हमारी दौलत है लवली किशोरी” एवं “थक सा गया हूं मैं बाबा…” जैसे भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दीपक ठाकुर ने “हम हैं श्याम के प्यारे, बाबा श्याम हमारे…” भजन प्रस्तुत कर पूरे पंडाल को श्याममय बना दिया।
इसके बाद अकुश शर्मा ने “जब भी श्याम दीवानों के सर पर संकट मंडराएगा, बाबा दौड़ा आएगा…” भजन सुनाकर श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार किया। वहीं नरेश खत्री, भरतपुर ने “आयो सांवरिया…” की मधुर प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे दिल्ली से पधारे भजन गायक प्रथम शर्मा। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने बाबा श्याम को शीश नवाकर “जन्म-जन्म तक तेरा मेरा साथ कभी ना छूटे बाबा…” भजन से संकीर्तन को भक्तिरस में डुबो दिया। इसके बाद “खाटू जाकर सुन लो भक्तों मैं बाबा ले आया…”, “सुन लो मेरी पुकार बाबा खाटू श्याम…”, “मैं खाटू जाऊंगा, निशान चढ़ाऊंगा, निशान चढ़ाकर तेरा दर्शन पाऊंगा…” तथा “सजा दो घर को गुलशन सा, मेरे सरकार आए हैं…” जैसे लोकप्रिय भजनों की शानदार प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक नृत्य करते हुए बाबा श्याम के जयकारे लगाते रहे।
इस अवसर पर मोहित अग्रवाल, गगन गर्ग, नीरज गर्ग, सौरभ अग्रवाल, दिव्यांश गोयल, यश गोयल, अमित अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
- शिवाजी महाराज का शौर्य, आगरा प्रवास और ब्रज की संस्कृति बनेगी आकर्षण: ताज नगरी में छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का 80% निर्माण कार्य पूरा; पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया निरीक्षण - October 16, 2026
- आगरा के दयालबाग में राधास्वामी मत के तृतीय संत परम गुरु महाराज साहब का पावन भंडारा 18 अक्टूबर को, देश-विदेश से पहुंच रहे सतसंगी - October 16, 2026
- आगरा में दशहरा शोभायात्रा को लेकर सियासत गरमाई, जटपुरा लोहामंडी मंदिर कमेटी ने पार्षदों के सभी आरोपों को साक्ष्यों के साथ नकारा - October 16, 2026