शंकर महादेवन की जादुई आवाज़ और देबोजीत दत्ता का संगीत: प्रेरणादायक गीत ‘नक्श-ए-कदम’ हुआ रिलीज, सुनिए रूहानी धुन

ENTERTAINMENT

​मुंबई। संगीत प्रेमियों के लिए एक बेहद सुकून देने वाली पेशकश सामने आई है। भारतीय संगीत जगत के दिग्गज गायक शंकर महादेवन और उभरते हुए प्रतिभाशाली संगीतकार-गायक देबोजीत दत्ता ने मिलकर ‘नक्श-ए-कदम’ गीत पेश किया है। यह गीत केवल कानों को ही नहीं, बल्कि सीधे रूह को छू लेने वाला है। उम्मीद, संघर्ष और अंधेरे के बाद उजाले की रोशनी को दर्शाता यह गीत आज के दौर में श्रोताओं को एक प्रेरणादायक यात्रा पर ले जाता है।

​अहीर भैरव राग और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम

देबोजीत दत्ता के स्वतंत्र रिकॉर्ड लेबल के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ यह गीत ‘राग अहीर भैरव’ की गहराइयों और आधुनिक संगीत के संयोजन का एक बेहतरीन उदाहरण है। गीत की शानदार प्रोग्रामिंग शुभम-सौरभ ने की है, जबकि इसकी मिक्सिंग और मास्टरिंग अमेया मटेगांवकर ने की है। गीत के साथ परंतप मुखर्जी द्वारा निर्देशित म्यूजिक वीडियो भी इसकी भावुकता को चार चाँद लगाता है।

​एक ‘फुल सर्कल मोमेंट’

देबोजीत दत्ता के लिए यह गीत किसी सपने के सच होने जैसा है। एक रियलिटी शो के दौरान शंकर महादेवन से पहली मुलाकात को याद करते हुए देबोजीत इसे अपने करियर का ‘फुल सर्कल मोमेंट’ मानते हैं। जिस कलाकार को वे अपना प्रेरणास्रोत मानते थे, आज उनकी आवाज़ में अपनी रचना को सुनना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है। शंकर महादेवन ने भी देबोजीत की प्रतिभा की जमकर सराहना की और कहा, “देबोजीत एक प्रतिभाशाली कलाकार के रूप में जिस तरह विकसित हुए हैं, उसे देखना गर्व की बात है। उनके लिए गाना गाना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा है।”

​‘नक्श-ए-कदम’ जीवन में आगे बढ़ते रहने और हर मुश्किल घड़ी के बाद नई सुबह की उम्मीद बनाए रखने का संदेश देता है। यदि आप भी एक रूहानी और अर्थपूर्ण संगीत की तलाश में हैं, तो यह गीत आपको निश्चित रूप से अपनी ओर खींचेगा।

-अनिल बेदाग

Dr. Bhanu Pratap Singh