आगरा: शुक्रवार को आगरा नगर निगम परिसर और महापौर के कैंप कार्यालय पर उस समय भारी गहमागहमी देखने को मिली, जब रावतपाड़ा एवं मनकामेश्वर क्षेत्र के व्यापारियों ने वार्ड नंबर 92 के पार्षद अनुज शर्मा के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने पार्षद पर निरंकुशता, हठधर्मिता और व्यापारियों के प्रति दुर्भावना रखने का गंभीर आरोप लगाते हुए नगर आयुक्त और महापौर हेमलता दिवाकर को ज्ञापन सौंपा।
क्या है पूरा विवाद?
व्यापारियों का आरोप है कि पार्षद अनुज शर्मा ने एक गली के मार्ग में स्टील की ग्रिल लगवाकर आवागमन पूरी तरह ठप्प कर दिया है। समाजसेवी गोपाल सिंह चाहर के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना है कि यह मार्ग सैकड़ों वर्षों से आम जनता और ग्राहकों के लिए खुला हुआ है। यह गली व्यापारियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी रास्ते से उनके कर्मचारी स्कूटर और मोटरसाइकिल के माध्यम से दुकानों तक बिक्री हेतु सामग्री लाते हैं। ग्रिल लगने के कारण व्यापार पूरी तरह चौपट हो गया है और व्यापारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
भाजपा समर्थक व्यापारियों का ‘ठगा हुआ’ महसूस करना
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि वे और उनके वार्ड के करीब 1200 परिवार लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के कट्टर समर्थक रहे हैं और देश के विकास के लिए हमेशा पार्टी के पक्ष में मतदान करते आए हैं। व्यापारियों ने इस बात पर गहरा दुख व्यक्त किया कि स्थानीय पार्षद खुद को ‘मठाधीश’ समझकर व्यापारियों पर तानाशाही चला रहे हैं और भाजपा का शीर्ष नेतृत्व, विधायक या सांसद भी उन पर कोई नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का निष्ठावान व्यापारी मतदाता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग
समाजसेवी गोपाल सिंह चाहर ने व्यापारियों की ओर से आगरा के शीर्ष नेतृत्व से मांग की है कि इस निरंकुश पार्षद पर अंकुश लगाया जाए। व्यापारियों ने नगर आयुक्त से आग्रह किया है कि जनहित में उस गली में लगी रेलिंग/ग्रिल को तत्काल हटवाया जाए ताकि मार्ग को अवरोध से मुक्त किया जा सके और व्यापारियों का व्यापार पुनः सुचारू रूप से चल सके।
प्रदर्शन में भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में पार्षद की मनमानी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
- लखीमपुर खीरी में खेत से चारा लेकर लौट रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या, गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस के खिलाफ किया हंगामा - October 18, 2026
- ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित धान से भरे ट्रक ने श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचला, 14 की मौत और 29 घायल - October 18, 2026
- दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करेगी कांग्रेस: 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक मिली इजाजत, CEC के इस्तीफे और SIR को लेकर होगा हल्लाबोल - October 18, 2026