राम मंदिर दान विवाद पर बोले महंत दिनेंद्र दास- कोई व्यक्ति गलत कार्य करता है, तो रामलला उसे स्वयं दंडित करेंगे

REGIONAL

​अयोध्या: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में दान की राशि को लेकर हाल ही में उठे विवाद और कथित घोटालों के दावों पर ट्रस्ट के सदस्य और निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेंद्र दास ने कड़ा रुख अपनाया है। महंत दिनेंद्र दास ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए स्पष्ट किया है कि मंदिर निर्माण और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली में पूरी ईमानदारी और परंपराओं का पालन किया जा रहा है।

​”रामलला पर है पूर्ण विश्वास”

महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि ट्रस्ट में किसी भी प्रकार के घोटाले की उन्हें कोई जानकारी नहीं है और ऐसी खबरें भ्रामक हैं। उन्होंने अपने आराध्य प्रभु श्री राम पर पूर्ण आस्था जताते हुए कहा, “हमें रामलला पर पूरा भरोसा है। यदि कोई व्यक्ति गलत कार्य करता है, तो रामलला उसे स्वयं दंडित करेंगे। हमारे ट्रस्ट के सदस्य पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।”

​फैसलों में पूरी पारदर्शिता का दावा

महंत ने आगे कहा कि राम मंदिर में होने वाली दैनिक पूजा-अर्चना, आरती और अन्य व्यवस्थाएं अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही हैं। ट्रस्ट की बैठकों के संबंध में उन्होंने कहा कि जो भी निर्णय लिए जाते हैं, वे पूरी पारदर्शिता के साथ होते हैं। अब तक किसी भी बैठक या निर्णय पर ट्रस्ट के भीतर से कोई आपत्ति दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ट्रस्टी लोग किसी भी ऐसे कार्य में शामिल नहीं हो सकते जिससे मंदिर की गरिमा को ठेस पहुँचे।

सब कुछ नियमानुसार हो रहा है

महंत दिनेंद्र दास ने दोहराया कि ट्रस्ट में जो भी निर्णय लिए जा रहे हैं, उन्हें उचित तरीके से रिकॉर्ड किया जाता है और सभी सदस्य उन निर्णयों से भली-भांति अवगत रहते हैं। उन्होंने इन विवादों को आधारहीन करार देते हुए कहा कि ऐसी कोई बात उनके संज्ञान में नहीं आई है जो किसी भी अनियमितता की ओर इशारा करती हो।

Dr. Bhanu Pratap Singh