तेज गेंदबाज जेसन होल्डर ने आखिर ओवर में चार गेंदों पर चार विकेट चटकाए जिससे वेस्टइंडीज ने पांचवें और अंतिम टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में इंग्लैंड को 17 रन से हराकर श्रृंखला 3-2 से अपने नाम की। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 179 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 19.5 ओवर में 162 रन पर आउट हो गयी। इंग्लैंड का स्कोर 19 ओवर के बाद छह विकेट पर 160 रन था और उसे 20 रन की जरूरत थी।
होल्डर ने अंतिम ओवर में पहले क्रिस जोर्डन (सात) को सीमा रेखा पर कैच कराया और फिर सैम बिलिंग्स (28 गेंदों पर 41 रन) को आउट किया। इसके बाद उन्होंने अगली दो गेंदों पर आदिल राशिद और साकिब महमूद को पवेलियन भेजा। महमूद को बोल्ड करने के साथ ही होल्डर चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले विशेष क्लब में शामिल हो गए। उनसे पहले टी20 अंतर्राष्ट्रीय में लसिथ मलिंगा, राशिद खान और कर्टिस कैंपर ने यह कारनामा किया था।
होल्डर को पांच गेंद पर पांचवां विकेट लेने का मौका नहीं मिला क्योंकि इंग्लैंड की पूरी टीम आउट हो चुकी थी। इस आलराउंडर ने 2.5 ओवर में 27 रन देकर पांच विकेट लिए। इंग्लैंड की तरफ से जेम्स विन्से ने 35 गेंदों पर सर्वाधिक 55 रन बनाए। वेस्टइंडीज की तरफ से होल्डर से पहले बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने कमाल दिखाया और चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिए।
इससे पहले वेस्टइंडीज को इंग्लैंड के स्पिनरों ने परेशान किया लेकिन कप्तान कायरन पोलार्ड (25 गेंदों पर नाबाद 41) और रोवमैन पावेल (17 गेंदों पर नाबाद 35 के बीच पांचवें विकेट के लिए 74 रन की अटूट साझेदारी से वह चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में सफल रहा। इन दोनों ने अंतिम चार ओवरों में 66 रन जोड़े। इंग्लैंड के तीनों स्पिनरों राशिद (चार ओवर में 17 रन देकर दो), लियाम लिविंगस्टोन (तीन ओवर में 17 रन देकर दो) और मोईन अली (तीन ओवर में 20 रन) ने 10 ओवर में केवल 54 रन दिए।
-एजेंसियां
- आगरा में ‘फिर हेरा फेरी’ स्टाइल में ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: 21 दिन में पैसा डबल करने का लालच देने वाले 3 शातिर गिरफ्तार - October 19, 2026
- केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का विपक्ष पर बड़ा हमला: बोले— ‘भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस, यहाँ साजिशों से नहीं केवल चुनावों से होता है सत्ता परिवर्तन’ - October 18, 2026
- मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग: फुटबॉल खेलकर लौटते समय हुआ हमला, ड्राइवर घायल - October 18, 2026