लखनऊ/आगरा: आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने सोमवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। एक प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई इस उच्चस्तरीय मुलाकात में मंत्री ने आगरा ग्रामीण क्षेत्र की दो अत्यंत जटिल और लंबे समय से लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
इनर रिंग रोड: किसानों के लिए ‘आर-पार’ की मांग
मंत्री बेबी रानी मौर्य ने वर्ष 2009-10 की इनर रिंग रोड योजना के कारण प्रभावित किसानों का पक्ष मजबूती से रखा। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि कई स्थानों पर अधिग्रहण के बावजूद अब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ है। मार्ग की दिशा (Alignment) बदलने के कारण किसानों की कीमती जमीन बिना उपयोग के फंसी हुई है।
मंत्री ने मांग की कि या तो अधिग्रहित भूमि किसानों को वापस की जाए, अथवा उन्हें वर्तमान बाजार दर (सर्किल रेट) के अनुसार चार गुना मुआवजा दिया जाए।
ग्वालियर मार्ग: जलभराव का स्थायी समाधान
क्षेत्रीय जनता की दूसरी बड़ी समस्या सेवला सराय से ककुआ नहर तक होने वाला स्थायी जलभराव है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से राहगीरों, व्यापारियों और वाहन चालकों को नरकीय स्थिति का सामना करना पड़ता है।
मंत्री ने इस समस्या के खात्मे के लिए प्रस्तावित जल निकासी नाला निर्माण के प्राक्कलन (Estimate) को तत्काल प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री का आश्वासन: “प्राथमिकता पर होगा काम”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों ही विषयों को जनहित में महत्वपूर्ण मानते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के इस सकारात्मक रुख के बाद आगरा ग्रामीण क्षेत्र के हजारों किसानों और निवासियों में वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की नई उम्मीद जगी है।
प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में मंत्री के साथ यशपाल राणा, श्याम सिंह चाहर, राजकुमार, गौरव प्रधान, अशोक कुमार और सुनील कुमार जैसे क्षेत्रीय प्रतिनिधि शामिल रहे, जिन्होंने जमीनी हकीकत से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
- आगरा के बरहन में मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में हुई भिड़ंत, तमंचा लहराते युवक का वीडियो वायरल, 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज - June 18, 2026
- आगरा दीवानी कचहरी के बाहर सनसनी: तारीख पर आई बहू को ससुरालियों ने घेरा, सड़क पर गिराकर पीटा, गला दबाने का आरोप - June 18, 2026
- सिंगापुर के वैश्विक मंच पर चमकी ताजनगरी: मेयर हेमलता दिवाकर ने संस्कृति मंत्री को भेंट की ताजमहल की प्रतिकृति, दिया आगरा आने का न्योता - June 18, 2026